जरीफनगर/जिला बदायूँ - जमीन के बँटवारे को लेकर हुए विवाद मे चले लाठी डंडे, किया पथराव, मचा हड़कंप, पुलिस जाँच मे जुटी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, सितंबर 01, 2026

जरीफनगर/जिला बदायूँ - जमीन के बँटवारे को लेकर हुए विवाद मे चले लाठी डंडे, किया पथराव, मचा हड़कंप, पुलिस जाँच मे जुटी

jarifnagar-badaun-jameen-ke-bantware-ko-lekar-vivad-me-chale-lathi-dande-pathrav-machaa-hadkamp-police-janch-me-juti
जिला बदायूँ के जरीफनगर थाना क्षेत्र से खेत के बंटवारे को लेकर हुए विवाद मे दो पक्षो के बीच हुए खूनी संघर्ष मे जमकर लाठी डंडे चले और एक दूसरे पर पथराव किया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने मकानों और पड़ोसी की छतों पर चढ़कर उनके घर और परिवार के सदस्यों पर ईंट-पत्थर बरसाए। घटना में कई लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है। घटना से संबंधित कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं।


उक्त मामला थाना क्षेत्र के गाँव लोहरपुरा से जुड़ा है। गांव निवासी छत्रवती ने पुलिस को दिए गए शिकायती प्रार्थना पत्र मे चार लोगो पर खेत के बंटवारे को लेकर विवाद करने और हमला करने का आरोप लगाया है। छत्रवती ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि जमीन के हिस्से को लेकर पहले भी दूसरे पक्ष के साथ उनका विवाद हो चुका है। इस विवाद को समाप्त करने हेतु गाँव मे लोगो और रिश्तेदारो की मौजूदगी मे एक पंचायत बुलाई गयी थी। पंचायत ने दोनो पक्षो की जमीन की सीमा तय करने के साथ ही मेड़ बनाकर बंटवारा कर दिया था। खेतो की सीमा की पहचान बनाये रखने के लिए पत्थर एक खम्भे भी लगाए गए थे।


आरोप है कि पंचायत में हुए उक्त समझौते के बावजूद दूसरे पक्ष ने जमीन पर दोबारा कब्जे की कोशिश की। इस दौरान खेत की मेड़ तोड़ने और सीमा चिन्ह के तौर पर लगाए गए पत्थरों को उखाड़ने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि परिवार के लोगों द्वारा जमीन की सीमा से छेड़छाड़ विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोग लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर हमलावर हो गए। आरोप के मुताबिक कुछ लोग अपने मकान और आसपास के मकानों की छतों पर पहुंच गए और वहां से नीचे मौजूद परिवार के सदस्यों पर पथराव शुरू कर दिया।


अचानक हुए पथराव से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। छत्रवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में खुद के सीने में चोट लगने के साथ परिवार के अन्य सदस्यों के घायल होने का भी उल्लेख किया है। पीड़ित पक्ष के अनुसार कुछ लोगों के शरीर और सीने में चोटें आई हैं। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि पथराव के दौरान छोटे बच्चों और नाती-पोतों पर भी पत्थर फेंके गए। घटना के दौरान किसी व्यक्ति द्वारा बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा किया जा रहा है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि वीडियो में छतों से पथराव किए जाने के दृश्य नजर आते हैं।


छत्रवती ने पुलिस से घटना में घायल लोगों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने, सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो की जांच करने और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की भी गुहार लगाई गई है।


पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घायलों के मेडिकल परीक्षण और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जमीन के विवाद से शुरू हुई इस घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बताई जा रही है।

free counter
अभी तक पाठक संख्या