जिला बिजनौर के कोतवाली देहात थाना क्षेत्रान्तर्गत गांव बनखला में मस्जिद परिसर को लेकर चल रहे विवाद के बीच मुस्लिम समाज के लोगो ने कल बुधवार रात वहां बने बाथरूम खुद तोड़ दिए। बताया जा रहा है कि विवाद को और बढ़ने से रोकने तथा किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया। इस मामले को लेकर पुलिस और प्रशासन पहले से ही सतर्क है। गांव में पुलिस की निगरानी बनी हुई है और अधिकारियों द्वारा पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।
पाठको को बताना उचित होगा कि कुछ दिन पहले हिंदू रक्षक दल के नेता कौशिक त्यागी की ओर से मस्जिद परिसर में पुराने कुआँ होने को लेकर शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिसर का निरीक्षण किया था। इस दौरान अधिकारियों ने परिसर में मौजूद कुएं की स्थिति का भी जायजा लिया। अधिकारियों के निरीक्षण के बाद मामले की जांच जारी है। पुलिस की ओर से मामले की जांच राजस्व विभाग के माध्यम से कराए जाने की बात कही गई थी।
मस्जिद परिसर से जुड़े विवाद के बीच करीब तीन दिन पहले हिंदू रक्षक दल की ओर से वहां हनुमान चालीसा पढ़ने की भी घोषणा की गई थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी।अधिकारियों ने संगठन के पदाधिकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत बनाए रखने की अपील की। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई के आश्वासन के बाद संगठन की ओर से मस्जिद परिसर में हनुमान चालीसा पढ़ने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद से पुलिस गांव में लगातार निगरानी बनाए हुए है, ताकि किसी भी पक्ष की ओर से ऐसा कदम न उठाया जाए जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो।
इसी बीच कल बुधवार की रात मस्जिद परिसर में बने बाथरूम को मुस्लिम समाज के लोगो ने स्वयं तोड़ दिया। ग्रामीणों का कहना है कि वे विवाद को आगे बढ़ाने के पक्ष में नहीं हैं और किसी भी प्रकार के टकराव या अप्रिय स्थिति से बचना चाहते हैं। निर्माण तोड़े जाने के बाद भी गांव में पुलिस की निगरानी जारी है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सीओ नगीना राजेश सोलंकी के अनुसार, मस्जिद परिसर में बना निर्माण ग्रामीणों द्वारा स्वयं तोड़े जाने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जानकारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी पक्ष को माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। फिलहाल मस्जिद परिसर से जुड़े विवाद की जांच जारी है। प्रशासन की रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
| अभी तक पाठक संख्या |
