पीलीभीत/उत्तर प्रदेश - 82 वर्षीय वृद्धा की गला दबाकर हत्या, जेवरात लूटकर फरार हुए बदमाश, मौके पर मिले संघर्ष के निशान - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, सितंबर 26, 2026

पीलीभीत/उत्तर प्रदेश - 82 वर्षीय वृद्धा की गला दबाकर हत्या, जेवरात लूटकर फरार हुए बदमाश, मौके पर मिले संघर्ष के निशान

pilibhit-up-82-year-old-woman-strangled-to-death-jewellery-looted-crime-scene

जिला पीलीभीत के बीसलपुर थाना क्षेत्र से 82 वर्षीय वृद्धा की हत्या किये जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ कल शुक्रवार की देर रात घर मे अकेली रह रही वृद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी गयी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश वृद्धा के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र मे दहशत का माहौल है।  पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव खांडेपुर निवासी रामकुमार सेवा निवृत्त शिक्षक है। कल शुक्रवार को रामकुमार अपने बेटे दिनेश के साथ दवाई लेने भोजीपुरा अस्पताल गए थे। इस दौरान घर पर उनकी पत्नी कुसुमा देवी आयु 82 वर्ष घर पर अकेली ही थी।


रात करीब 10 बजे घर वापस आये पिता-पुत्र ने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा खुला है और अंदर बरामदे में कुसमा देवी का शव पड़ा हुआ है। ये नजारा देख परिजनो के होश उड़ गए। बदमाशो ने कुसुमा देवी के कानो के कुंडल, चांदी की पायल और सोने की अंगूठी लूट ली थी। घटनास्थल पर खिसकी हुई चारपाई और जमीन पर घसीटने के निशान संघर्ष की ओर इशारा कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, मृतका के गले पर उंगलियों के गहरे निशान पाए गए, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।


घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा की गयी प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वृद्धा ने हमलावरों का विरोध किया था। पुलिस को आशंका है कि आरोपी शौचालय की दीवार फांदकर मौके से भागे। वहां खून के धब्बे भी मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित किया गया है।


पुलिस ने उक्त मामले मे मृतका के पुत्र दिनेश कुमार द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। बीसलपुर थाना प्रभारी संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। आसपास के इलाकों में भी सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

free counter
अभी तक पाठक संख्या