उत्तर प्रदेश के जिला शाहजहांपुर से दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ एक विवाहिता ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के 7 लोगो पर दहेज में 50 लाख से एक करोड़ रुपये तक की मांग किये जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि इस मांग के पूरा न होने और विरोध करने पर उसे प्रताड़ित किया जाता था। महिला ने घर में कैमरे लगे होने और दरवाजों को रिमोट से लॉक किए जाने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस को दी गयी तहरीर मे पीड़िता ने बताया कि उसका विवाह 14 अप्रैल 2022 को हरदोई जिले के शाहाबाद निवासी आदित्य कुमार रस्तोगी के साथ हुआ था। इससे पहले 8 फरवरी 2022 को दोनों की सगाई हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी और सगाई से पहले ससुराल पक्ष ने 18 लाख रुपये की एसयूवी कार की मांग की थी। ससुराल पक्ष की इस मांग पर उसके पिता ने कार खरीदने के लिए 10 लाख रुपये भी दिए थे। इस सबके बाद ससुराल वालो ने वर्ना कार खरीदी थी। शिकायत में महिला ने लाखों रुपये के मेवा और दहेज के सामान के लिए करीब 12 लाख रुपये दिए जाने का भी आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि इसके बावजूद ससुराल पक्ष उसे ताने देता रहा और दहेज में 10 लाख रूपये अतिरिक्त लाने की मांग की।
महिला ने आरोप लगाया कि वह शिकायत न कर सके, इसलिए उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया गया। पीड़िता ने अनुसार उसकी ससुराल वाले घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और दरवाजे रिमोट से लॉक किए जाते हैं। महिला का आरोप है कि उसके साथ ऐसी जगहों पर मारपीट की जाती थी, जहां कैमरों मे रिकॉर्डिंग नहीं हो सकती थी।
शिकायत के अनुसार गत 1 अगस्त 2026 को ससुराल वाले घर से बाहर गए थे। इसी दौरान महिला समोसा लेने बाहर आई। आरोप है कि पीछे से मेगनेट ऑटोमैटिक मोबाइल रिमोट के जरिए घर लॉक कर दिया गया, जिसके बाद वह घर के अंदर नहीं जा सकी। महिला ने बताया कि इस सबके बाद गत 18 अगस्त को उसे ससुराल से निकाल दिया गया। इसके बाद से विवाहिता अपने मायके मे रह रही है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल वालों के दबाव के चलते उसने केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई और बीटीसी ट्रेनिंग बीच में छोड़ दी थी। उसके शैक्षणिक और अन्य दस्तावेज अभी भी ससुराल में होने की बात कही गई है।
शाहजहाँपुर कोतवाली पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर पति आदित्य रस्तोगी, ससुर रमेश चंद्र रस्तोगी, सास संतोष रस्तोगी, देवर लक्ष्य प्रताप उर्फ विदित रस्तोगी, ननद दिव्या रस्तोगी, नंदोई गौरव गोयल और सास के बहनोई सुनील रस्तोगी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

