रामपुर/उत्तर प्रदेश - शादी का झाँसा देकर शिक्षिका से 8.05 लाख ठगे, आरोपी ने खुद को बताया बैंक मैनेजर, मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, सितंबर 26, 2026

रामपुर/उत्तर प्रदेश - शादी का झाँसा देकर शिक्षिका से 8.05 लाख ठगे, आरोपी ने खुद को बताया बैंक मैनेजर, मुकदमा दर्ज

rampur-rampur-teacher-duped-of-rs-8-05-lakh-on-marriage-pretext-fake-bank-manager-case-registered

उत्तर प्रदेश के रामपुर मे तैनात एक सरकारी शिक्षिका ने सोशल मीडिया के जरिये संपर्क मे आये एक युवक पर शादी का झांसा देकर 8 लाख रूपये से अधिक की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि युवक ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक का मैनेजर बताकर शिक्षिका का विश्वास जीता और फिर बहाने से उसके बैंक खाते से रकम ट्रांसफर करा ली। शिक्षिका ने अपना पैसा वापस मांगे जाने पर आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से जिला मुज्जफरनगर की निवासी सोनिया जिला रामपुर मे सरकारी शिक्षिका के पद पर कार्यरत है। सोनिया ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि जून 2026 मे जीशान निवासी ग्रेटर ग्रीन पार्क, बरेली सोशल मीडिया माध्यम पर उसके संपर्क मे आया था। जीशान ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक का मैनेजर बताया और कथित तौर पर फर्जी पहचान पत्र दिखाकर शिक्षिका का भरोसा जीत लिया।  इसके बाद जीशान शिक्षिका से मिलने रामपुर भी आने लगा। आरोप है कि गत 1 से 8 जुलाई के बीच जीशान ने मोबाइल अपडेट कराने और अन्य जरूरी कामों का हवाला देकर शिक्षिका के बैंक खाते से अलग-अलग खातों में कुल 8.05 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए।


बैंक से ट्रांजेक्शन संबंधी संदेश प्राप्त होने के बाद शिक्षिका को खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने आरोपी से रुपये वापस मांगे तो कथित तौर पर वह लगातार टालमटोल करता रहा। पीड़िता के अनुसार मामले की शिकायत पुलिस से करने की बात कहने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। साथ ही मानसिक रूप से परेशान करने का भी आरोप लगाया गया है।


मामले में पीड़िता ने 16 अगस्त को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने तथा रकम वापस दिलाने की मांग की थी। शिकायत के आधार पर अब सिविल लाइंस थाने में जीशान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।


पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बैंक खातों में हुए लेनदेन, आरोपी द्वारा बताए गए परिचय और अन्य संबंधित तथ्यों की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या