आज दोपहर उक्त मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी डा0 कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि उक्त मामले मे गत 5 अक्टूबर को वन उपनिरीक्षक सतीश कुमार की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। वन उपनिरीक्षक द्वारा की गयी शिकायत मे बताया गया था कि हानपुर रेंज में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई और लकड़ी चोरी करने वालों को पकड़ने के दौरान आरोपियों ने वन उपनिरीक्षक की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी। इस घटना में उनके बाएं पैर में चोट लग गई थी। आरोप है कि आरोपी खैर के तीन पेड़ काटकर उनमें से दो पेड़ों की लकड़ी पिकअप वाहन में लादकर ले गए थे।
एसपी सिटी ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपियो की तलाश मे जुटी हुई थी। इसी तलाशी के दौरान नजीबाबाद पुलिस टीम ने बब्बू उर्फ़ बग्गड़ पुत्र प्रेम सिंह, निवासी ग्राम चम्पतपुर चकला उर्फ़ भोगपुर, थाना क्षेत्र बढ़ापुर, सतनाम पुत्र करतार, निवासी ग्राम चम्पतपुर चकला उर्फ़ भोगपुर, थाना क्षेत्र बढ़ापुर व इकरार पुत्र इसरार, निवासी ग्राम कासमपुर गढ़ी, थाना क्षेत्र अफजलगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे दिन में खैर, शीशम और सागौन के पेड़ों की रेकी करते थे और रात के समय पेड़ों को काटकर लकड़ी ले जाते थे। उनके कुछ साथी पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आगे रहते थे।
पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में इकरार ने बताया कि उसने सलीम ठेकेदार के कहने पर 45 हजार रुपये में चोरी की लकड़ी खरीदी थी। इस लकड़ी को अफजलगढ़ स्थित लकड़ी के टाल पर ले जाने की योजना थी। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चोरी की लकड़ी और होंडा सिटी कार बरामद की है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और फरार लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य लोगों और लकड़ी की चोरी तथा खरीद-फरोख्त के नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

