बिलारी/जिला मुरादाबाद - विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, जेवर व नकदी भी हड़पी, पति समेत 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, अक्टूबर 15, 2026

बिलारी/जिला मुरादाबाद - विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, जेवर व नकदी भी हड़पी, पति समेत 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

https://newsindia17.com/2026/10/bilari-vivahita-marpeet-jewar-nakdi-hadap-5-par-mukadma.html
जिला मुरादाबाद के बिलारी थाना क्षेत्र निवासी एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर मारपीट, अभद्रता करने और नकदी व कीमती सामान गायब करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता द्वारा दी गयी शिकायत के आधार पर उसके पति, ससुर, ननद और देवर समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


बिलारी थाना क्षेत्र के मोहल्ला साहूकुंज निवासी संजू पत्नी अभय चौधरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 अक्टूबर 2026 की रात करीब साढ़े आठ बजे उसके पति अभय चौधरी और ससुर यशवीर चौधरी ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद उसकी ननद कल्पना ने उसे घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता के मुताबिक उसका देवर प्रदीप उसे घसीटकर दोबारा घर के अंदर ले गया और उसके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। संजू ने आरोप लगाया कि पिटाई के कारण वह बेहोश हो गई। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने उसे होश में लाने में मदद की। इसके बाद वह अपनी बेटी को लेकर पुलिस के पास पहुंची।


संजू ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि घटना के अगले दिन उसके पिता हरी सिंह उससे मिलने आए थे। वह मदद के लिए 30 हजार रुपये नकद लेकर पहुंचे थे, लेकिन आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उन रुपयों को भी छिपा दिया। पीड़िता के अनुसार उसके सोने-चांदी के जेवर और इन्फिनिक्स नोट 50 मोबाइल फोन भी गायब हैं। उसने घटना की सूचना डायल 112 पर दी थी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।


पीड़िता की तहरीर के आधार पर बिलारी थाना पुलिस ने पति, ससुर, ननद, देवर समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह के मुताबिक, प्रकरण की निष्पक्षता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


न्यूज़ इंडिया 17 | खबर देश की - नजर दुनिया की

नोट: खबर में मारपीट, अभद्रता और सामान गायब करने से संबंधित बातें पीड़िता की शिकायत पर आधारित हैं। मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या