पीलीभीत/उत्तर प्रदेश -नवरात्र के दौरान नॉनवेज खाने का वीडियो वायरल, राज्यमंत्री संजय गंगवार ने उठाए सवाल, सपा ने भी किया पलटवार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, अक्टूबर 15, 2026

पीलीभीत/उत्तर प्रदेश -नवरात्र के दौरान नॉनवेज खाने का वीडियो वायरल, राज्यमंत्री संजय गंगवार ने उठाए सवाल, सपा ने भी किया पलटवार

https://newsindia17.com/2026/10/pilibhit-navratri-nonveg-video-viral-bjp-sp-controversy.html
समाजवादी पार्टी के राज्यसभा साँसद रामजीलाल सुमन द्वारा नवरात्र के दौरान नॉनवेज खाये जाने का वीडियो सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। ये वीडियो उनके किसी कार्यकर्ता के घर का बताया जा रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। वही सपा जिलाध्यक्ष धर्मेश गंगवार ने भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए पलटवार किया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्यसभा साँसद रामजीलाल सुमन गत 13 अक्टूबर को पीलीभीत में आयोजित समाजवादी पार्टी के पीडीए सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। सम्मेलन के बाद वह सपा नेता मोहम्मद आरिफ के घर गए जहां दावत के दौरान नॉनवेज खाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग चिकन फ्राई और चटनी खाते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो नवरात्र के दौरान का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसको लेकर बहस तेज हो गई है। हालांकि, वीडियो को लेकर उठे सवालों और आरोपों के बीच संबंधित पक्षों के बयान भी सामने आए हैं।


प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने नवरात्र के दौरान नॉनवेज पार्टी होने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब नवरात्र में मीट की दुकानों को बंद रखने की बात कही जा रही है, तो ऐसी दावत कैसे हुई और मांस कहां से आया?


मंत्री ने समाजवादी पार्टी की कथनी और करनी में अंतर होने का आरोप लगाया। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। इसके साथ ही उन्होंने रामजीलाल सुमन पर पूर्व में हिंदू देवी-देवताओं और ब्राह्मण समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप लगाए। मंत्री ने कहा कि किसी को भी किसी धर्म के संबंध में व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।


इससे पहले पीडीए सम्मेलन में पहुंचे रामजीलाल सुमन ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव रोटी, पेट और भूख जैसे बुनियादी मुद्दों पर लड़ा जाएगा।उन्होंने अपने संबोधन में मंदिरों से मूर्तियां चोरी होने, राम मंदिर के चंदे में कथित अनियमितताओं और सामाजिक भेदभाव जैसे विषयों को उठाया था। इसके अलावा उन्होंने राष्ट्रपति के मंदिर में प्रवेश से जुड़े विवाद और अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री आवास को गंगाजल से धुलवाए जाने की घटना का भी उल्लेख किया था।


वीडियो को लेकर भाजपा की ओर से सवाल उठाए जाने पर सपा जिलाध्यक्ष धर्मेश गंगवार ने पलटवार किया। उन्होंने भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि क्या भाजपा यह तय करेगी कि दलित समाज के लोग क्या खाएंगे और क्या पिएंगे? उन्होंने दावा किया कि अन्य राज्यों में भाजपा नेताओं और उत्तर प्रदेश में भाजपा के सहयोगियों के खानपान को लेकर इसी तरह सवाल नहीं उठाए जाते। सपा जिलाध्यक्ष ने भाजपा के आरोपों को राजनीतिक दोहरे चरित्र से जोड़कर देखा।


पीलीभीत शहर कोतवाली प्रभारी प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि नवरात्र के दौरान सतर्कता के मद्देनजर मीट की दुकानों को बंद रखा गया है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी दुकान खुली पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वीडियो को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है। एक ओर राज्यमंत्री ने मामले में कार्रवाई की मांग की है, वहीं दूसरी ओर सपा ने भाजपा के आरोपों पर सवाल खड़े किए हैं।

न्यूज़ इंडिया 17 | खबर देश की - नजर दुनिया की

नोट: खबर में उल्लिखित आरोप संबंधित नेताओं के बयानों पर आधारित हैं। वीडियो से जुड़े सभी तथ्यों और किसी संभावित नियम उल्लंघन की पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या