रामलीला मंचन का शुभारम्भ होने से पूर्व आज शनिवार को नगर मे भव्य राम झंडा जुलूस निकाला गया। श्री आदर्श रामलीला समिति रजि. के तत्वावधान निकाले गए इस जुलूस का शुभारंभ मुख्य अतिथि अजय कुमार शर्मा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुख्य अतिथि का फूलमालाओं से स्वागत किया।
राम झंडा जुलूस पंचायती मंदिर से शुरू होकर सराय जोखा सिंह, धर्मशाला और मुख्य बाजार सहित निर्धारित मार्गों से गुजरता हुआ जैन विद्या मंदिर इंटर कॉलेज पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस में शामिल श्रद्धालु बैंड-बाजों की धुन पर नाचते-गाते और धार्मिक उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे। नगर में जगह-जगह धार्मिक माहौल देखने को मिला। जुलूस के समापन के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और विद्यालय परिसर में राम झंडे की स्थापना की गई। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया।
समिति के अनुसार रविवार की रात थाने के सामने स्थित जूनियर हाईस्कूल में पर्दे पर सुंदर कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ नहटौर निवासी समाजसेवी चौधरी गुनमान सिंह फीता काटकर करेंगे। श्री आदर्श रामलीला समिति के अध्यक्ष आदेश चंद्रा ने सभी धर्मप्रेमियों से कार्यक्रम में पहुंचकर रामलीला का आनंद लेने और धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की।
इस अवसर पर समिति के महामंत्री अरविंद जोशी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ऋषभ जैन, उपाध्यक्ष कृष्णा वर्मा, मोहित भारद्वाज, कपिल शर्मा, अभय अग्रवाल, अंकुश अग्रवाल, रितेश अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, अमन अग्रवाल, विनिल वर्मा, व्योम जैन, पंकज जैन, पिंटू जोशी, रोहित सैनी, विशाल वर्मा, रवि सैनी, लखपत सैनी और कमल सैनी सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे। जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर इंचार्ज अशोक मलिक पुलिस बल के साथ तैनात रहे।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

