जिला मुरादाबाद के छजलैट थाना क्षेत्र से एक नाबालिग से दुष्कर्म के मामले की झूठी तहरीर दिलाये जाने व पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर 12 लाख रूपये वसूलने का मामला सामने आया है। इस मामले मे ईंट भट्ठा मालिक व और भट्ठे पर काम करने वाली एक महिला ने एक नेता के खिलाफ एसएसपी की शिकायती पत्र दिए है। दोनो शिकायतकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
ईंट भट्ठा संचालक कालू खां का आरोप है कि छजलैट क्षेत्र स्थित उसके भट्ठे पर काम करने वाली महिला को बरगलाकर उसकी नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के मामले में तहरीर दिलवाई गई थी। इसके बाद पुलिस कार्रवाई का भय दिखाकर मामले में समझौता कराने के नाम पर उससे 12 लाख रुपये भी ले लिए गए। कालू खां के मुताबिक अपनी रकम वापस मांगने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की जांच कराकर अपनी रकम वापस दिलाने और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
वहीं, भट्ठे पर मजदूरी करने वाली महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उसे पैसों का लालच देकर मामले में तहरीर दिलवाई गई थी। महिला का कहना है कि समझौते के नाम पर जो रकम ली गई, उसमें से उसे कोई पैसा नहीं दिया गया। महिला ने आरोप लगाया कि जब वह अपने पति के साथ रुपये मांगने पहुंची तो उनके साथ गाली-गलौज की गई। शिकायत में जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और तमंचा दिखाकर धमकाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
दोनों शिकायतकर्ताओं ने एसएसपी को अलग-अलग प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। शिकायतों में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस की जांच और आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

