इंटरनेट डेस्क। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अर्नब अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनता नजर आ रहा है। ये तूफान अब तेजी से आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों की ओर बढ़ रहा है। मौसम विज्ञान विभाग अनुसार, ये अब बेहद भीषण चक्रवाती तूफान में बदल चुका है। आगामी 12 घंटों में ये और खतरनाक रूप ले सकता है। ये तूफान सुबह यह बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकराएगा। गंभीर खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा सहित कई राज्यों में अलर्ट जारी कर दिया है।
इस तूफान के खतरे को लेकर आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत नौ राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। आज और कल ओडिशा में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। 28 और 29 अक्तूबर को छत्तीसगढ़ में भी अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।ओडिशा सरकार ने इस चक्रवाती तूफान के कल तट से टकराने की आशंका के मद्देनजर सोमवार को ही छह जिलों में सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने का ऐलान कर दिया है। चक्रवात के खतरे को देखते हुए आज और कल करीब 53 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
राजस्थान में मौसम शुष्क और साफ बना रहने की संभावना
दूसरी और राजसथान में भी 29 अक्टूबर से मौसम बदल सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क और साफ बना रहने की संभावना जताई है। आज बारिश की कोई संभावना नहीं है और आसमान साफ रहेगा। राजधानी जयपुर में सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंडक लोगों को महसूस हो रही है। जोधपुर और बाड़मेर जैसे जिलों में तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
PC: .aajtak