बदायूँ/उत्तर प्रदेश - शादी के जश्न ने ली महिला की जान, बारातियो के हुड़दंग के चलते 1 घंटे तक जाम मे फंसी रही महिला को अस्पताल ले जा रही एम्बुलेंस - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, नवंबर 28, 2026

बदायूँ/उत्तर प्रदेश - शादी के जश्न ने ली महिला की जान, बारातियो के हुड़दंग के चलते 1 घंटे तक जाम मे फंसी रही महिला को अस्पताल ले जा रही एम्बुलेंस

badaun-uttar-pradesh-shadi-ke-jashn-ne-li-mahila-ki-jaan-baraat-ke-hudang-se-ek-ghante-jam-mein-fansi-ambulance

उत्तर प्रदेश के जिला बदायूँ से प्रशासनिक लापरवाही व मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ डीजे की धुन पर बीच सड़क नाच रहे बारातियों के कारण एक महिला को उपचार हेतु बरेली ले जा रही एंबुलेंस करीब एक घंटे तक जाम में फंसी रही। आरोप है कि समय पर अस्पताल नहीं पहुंचने के कारण महिला को बचाया नहीं जा सका। बरेली के हायर सेंटर पहुंचने पर चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पति ने आज शनिवार को मैरिज लॉन संचालक को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस से शिकायत की है।


उक्त घटना बदायूँ जिला मुख्यालय के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के बदायूं-बरेली मार्ग की है। मृतका के पति भूपेंद्र ने बताया कि उनकी पत्नी किरन लीवर की बीमारी से पीड़ित थीं और उनका उपचार बरेली के प्रेमनगर स्थित एक हायर सेंटर में चल रहा था। गत गुरुवार शाम करीब साढ़े आठ बजे अचानक उनकी पत्नी की तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उन्होंने तत्काल निजी एंबुलेंस बुलाई और पत्नी को लेकर बरेली के लिए रवाना हो गए।


बताया गया कि रात करीब नौ बजे प्रसाद मंदिर के पास पहुँचने पर एम्बुलेंस भीषण जाम में फंस गई। यहाँ पुरानी चुंगी स्थित पर्ल मैरिज लॉन में शादी समारोह के दौरान बारात चढ़ रही थी। डीजे की धुन पर बाराती सड़क पर नाच रहे थे, जिसके चलते यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और एंबुलेंस भी आगे नहीं बढ़ सकी। भूपेंद्र का आरोप है कि प्रसाद मंदिर से शहीद भगत सिंह पुलिस चौकी तक वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। उनकी पत्नी की हालत लगातार बिगड़ रही थी और उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता की जरूरत थी, लेकिन सड़क पर बारातियों के नाचने और यातायात बाधित होने के कारण एंबुलेंस करीब एक घंटे तक जाम में फंसी रही। काफी मशक्कत के बाद जब रास्ता मिलने पर वह पत्नी को लेकर बरेली पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।


बरेली के हायर सेंटर में चिकित्सकों ने किरन को मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मौत के बाद पति भूपेंद्र ने आरोप लगाया कि समय रहते अस्पताल पहुंचने पर शायद उनकी पत्नी की जान बचाई जा सकती थी। भूपेंद्र ने मैरिज लॉन संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि वहां पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। शादी समारोह के दौरान वाहनों को सड़क पर खड़ा कर दिया जाता है और बारात चढ़ने के समय सड़क पर नाच-गाने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। उन्होंने इस मामले में मैरिज लॉन संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


दूसरी ओर शहीद भगत सिंह पुलिस चौकी प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि बारात चढ़ने के दौरान मैरिज लॉन से चौकी तक करीब ढाई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही थी। वह स्वयं मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराने में जुटे हुए थे। एंबुलेंस में महिला की मौत के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।


शादी समारोह में यातायात व्यवस्था की अनदेखी और सड़क पर लगे जाम के बीच एंबुलेंस के फंसने से हुई महिला की मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या