बिजनौर/उत्तर प्रदेश - शादी से पहले बुलेट बाइक और पांच लाख रुपये नकद की मांग पर विवाद, पुलिस ने चार को हिरासत में लिया - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, नवंबर 28, 2026

बिजनौर/उत्तर प्रदेश - शादी से पहले बुलेट बाइक और पांच लाख रुपये नकद की मांग पर विवाद, पुलिस ने चार को हिरासत में लिया

bijnor-uttar-pradesh-shadi-se-pahle-bullet-bike-paanch-lakh-nakद-demand-vivad-police-ne-char-ko-hirasat-mein-liya

बिजनौर नगर कोतवाली क्षेत्र से शादी के कुछ दिन पहले अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर वर व वधू पक्ष के बीच विवाद होने मामला प्रकाश मे आया है। वधू पक्ष का आरोप है कि दूल्हा पक्ष ने दहेज मे देने के लिए पहले से तय हुई बाइक लेने से  इंकार करते हुए बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग कर दी। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालने का प्रयास किया। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव रहीमपुर निवासी यासीन की बेटी का रिश्ता जिला मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव मोहदपुर निवासी मोबीन पुत्र यासीन के साथ तय हुआ था। दोनों की शादी आगामी तीन दिसंबर को होनी निर्धारित थी। आज शनिवार को दूल्हा पक्ष के कुछ लोग शादी से संबंधित दहेज का सामान लेने लड़की पक्ष के घर पहुंचे थे। लड़की पक्ष का आरोप है कि उन्होंने करीब एक सप्ताह पहले ही दहेज मे देने के लिए तय की गई बाइक दूल्हे मोबीन के नाम से खरीद ली थी। आज शनिवार को दूल्हा पक्ष के लोगों ने बाइक देखी और नाराज हो गए। आरोप है कि उन्होंने इस बाइक की जगह बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद देने की मांग कर दी। अचानक की गई इस मांग को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया और गांव में हंगामे की स्थिति बन गई।


विवाद बढ़ने की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया।आरोप है कि इस दौरान लड़की पक्ष के कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता कर दी। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए कोतवाली से अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर बुलाया गया।


पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले में चार लोगों को हिरासत में ले लिया। शहर कोतवाल अवनीत मान ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शादी से महज कुछ दिन पहले दहेज की मांग को लेकर हुए इस विवाद के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या