कल शुक्रवार की देर रात जिला मुख्यालय सम्भल से करीब 8 किलोमीटर दूर गंगा एक्सप्रेस वे पर हुए भीषण सड़क हादसे मे 3 लोगो की दर्दनाक मौत हो गयी जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आजमगढ़ निवासी शैलेश कुमारी अपने पति अजय कुमार आयु 40 वर्ष, पुत्र पीयूष आयु 11 वर्ष और भाई राजकुमार आयु 30 वर्ष के साथ दिल्ली से वापस आजमगढ़ लौट रही थीं। ये सभी दिल्ली से एक टैक्सी बुक कर कल शुक्रवार दोपहर लगभग तीन बजे आजमगढ़ के लिए रवाना हुए थे। देर रात जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर बहजोई थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर इनकी कार आगे चल रहे गन्ने से लदे ट्रैक्टर-ट्राले में पीछे से जा घुसी। जोरदार टक्कर लगने पर कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। इस भीषण हादसे में शैलेश कुमारी के पति अजय कुमार और 11 वर्षीय इकलौते बेटे और भाई की मौके पर ही मौत हो गयी। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों द्वारा सूचित किये जाने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद कार मे फंसे यात्रियो को बाहर निकलवाया। गंभीर रूप से घायल शैलेश कुमारी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि आवश्यक कार्रवाई के बाद तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए।
पुलिस ने महिला के पास मिले मोबाइल फोन के माध्यम से मृतकों और घायल महिला की पहचान की। मृतकों की पहचान अजय कुमार, उनके 11 वर्षीय बेटे पीयूष और शैलेश कुमारी के भाई राजकुमार के रूप में हुई। अजय कुमार राजमिस्त्री थे और पानी की बड़ी टंकियां बनाने का काम करते थे। उनका बेटा पीयूष परिवार का इकलौता बच्चा था, जबकि राजकुमार कंप्यूटर का कारोबार करते थे।
घायल शैलेश कुमारी ने बताया कि वह कैंसर से पीड़ित हैं और दिल्ली में उनका इलाज चल रहा है। इसी सिलसिले में वह डॉक्टर को दिखाने दिल्ली गई थीं। शुक्रवार को इलाज के बाद पति, बेटे और भाई के साथ टैक्सी से आजमगढ़ के लिए रवाना हुई थीं। हादसे के समय कार में सवार सभी लोग सो रहे थे, इसलिए उन्हें दुर्घटना किस तरह हुई, इसकी जानकारी नहीं हो सकी। टैक्सी चालक की जानकारी उनके पति के पास थी।
थाना प्रभारी बहजोई राजीव कुमार मलिक के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार के अंदर से शराब की एक बोतल बरामद हुई है। कार का ड्राइवर साइड वाला हिस्सा सुरक्षित रहने के कारण चालक बच गया, जबकि पीछे की सीट पर बैठी शैलेश कुमारी गंभीर रूप से घायल हुईं। पुलिस चालक के नशे में होने और वाहन चलाते समय नींद की झपकी आने दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मृतक राजकुमार के रिश्तेदार पीयूष सिंह ने बताया कि शैलेश कुमारी की हालत पहले से ही बेहद गंभीर थी। डॉक्टरों ने उनकी बीमारी को देखते हुए एक-दो महीने ही जिन्दा रहने की बात कही थी औरपरिजनो को उन्हें घर ले जाने की सलाह दी थी। परिवार दिल्ली से टैक्सी के जरिए आजमगढ़ स्थित अपने घर लौट रहा था, इसी दौरान रास्ते में हुए इस भीषण हादसे ने परिवार की खुशियां उजाड़ दीं।
पीयूष सिंह के अनुसार उन्हें रात करीब ढाई बजे व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से पुलिस से घटना की जानकारी मिली। वह महाराष्ट्र में रहते हैं। सूचना मिलने के बाद उन्होंने अपने परिवार के अन्य सदस्यों को हादसे के बारे में बताया, जिसके बाद परिजन रात में ही संभल के लिए रवाना हो गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

