उत्तर प्रदेश के जिला बरेली से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक 22 वर्षीय युवती ने अपने सगे भाई पर करीब दो साल तक यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार भाई की इन हरकतो को विरोध करने पर वह उसे आत्महत्या करने की धमकी देकर चुप करा देता था। इतना ही नहीं, जब पीड़िता ने अपने साथ हुई घटना की सच्चाई परिवार को बताने के लिए पेन कैमरे से घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया, तब भी माता-पिता ने कथित तौर पर बेटे का पक्ष लिया और बेटी को ही घर में कैद कर दिया।
उक्त मामला बरेली के सैटेलाइट क्षेत्र से जुड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला बदायूं के दातागंज क्षेत्र की निवासी 22 वर्षीय युवती और उसका भाई दोनों जीएनएम की पढ़ाई कर चुके है। दोनों बरेली में अलग-अलग निजी अस्पतालों में नौकरी करते और सैटेलाइट क्षेत्र मे एक किराए के मकान में रहते थे। पीड़िता के अनुसार उसका भाई पिछले करीब दो वर्षों से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। विरोध करने पर वह फांसी लगाकर जान देने की धमकी देता था। साथ ही कहता था कि उसके मरने के बाद माता-पिता भी अपनी जान दे देंगे। इस धमकी के चलते युवती डरकर चुप रहने को मजबूर थी। पीड़िता ने बताया कि उसने पहले भी अपने साथ हो रही ज्यादती की जानकारी माता-पिता और अस्पताल में साथ काम करने वाले कर्मचारियों को दी थी, लेकिन किसी ने उसकी बात पर विश्वास नहीं किया। इसके बाद उसने भाई की करतूत सामने लाने का फैसला किया। युवती ने एक स्पाई पेन कैमरा खरीदा और उसे कमरे में छिपाकर रख दिया। इसी कैमरे में भाई की आपत्तिजनक हरकतें रिकॉर्ड हो गईं।
दीपावली के अवसर अपने पैतृक घर दातागंज आयी युवती ने अपने माता-पिता को वीडियो दिखाकर पूरे मामले की जानकारी दी। उसे उम्मीद थी कि परिवार उसका साथ देगा और आरोपी भाई के खिलाफ कार्रवाई करेगा, लेकिन माता-पिता ने बेटे के खिलाफ कोई कदम उठाने के बजाय उसे ही नौकरी छोड़कर घर में रहने के लिए मजबूर कर दिया।
पीड़िता का कहना है कि उसके माता-पिता पहले ग्राम प्रधान रह चुके हैं और क्षेत्र में उनका प्रभाव है। वीडियो देखने के बावजूद उन्होंने आरोपी बेटे को वापस बरेली नौकरी पर भेज दिया, जबकि बेटी को घर में ही रोक लिया। युवती को स्थानीय स्तर पर न्याय मिलने की उम्मीद नहीं थी। ऐसे में उसने इंटरनेट के माध्यम से महिलाओं की सहायता करने वाली सामाजिक संस्था की संचालक एवं समाजसेवी साक्षी मिश्रा का संपर्क नंबर तलाशा और उन्हें फोन कर अपनी पूरी आपबीती सुनाई। शुरुआत में साक्षी मिश्रा को भी मामले की गंभीरता का अंदाजा नहीं हुआ, लेकिन जब युवती ने उन्हें पेन कैमरे में रिकॉर्ड किया गया वीडियो भेजा तो वह भी हैरान रह गईं। इसके बाद साक्षी मिश्रा अपने पति अजितेश के साथ दातागंज पहुंचीं और पुलिस की मदद से युवती को परिजनों के घर से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल युवती बरेली में समाजसेवी साक्षी मिश्रा के घर पर रह रही है। पीड़िता का कहना है कि अब वह अपने माता-पिता के पास वापस नहीं जाना चाहती और बरेली में ही रहकर नौकरी जारी रखना चाहती है।
इस घटना ने एक बार फिर परिवार के भीतर महिलाओं की सुरक्षा और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुने जाने की आवश्यकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले में दर्ज शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

