जिला संभल के एचोड़ा कंबोह थाना क्षेत्र में तेज बरसात के बीच कार और बाइक सवार बदमाशों से हुई पुलिस मुठभेड़ में दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियाँ चली। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। कार सवार बदमाश पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब रहे। बताया गया कि गिरफ्तार किये गए बदमाशों ने एक माह पहले चंदौसी के एक व्यापारी के यहाँ लूट की घटना को अंजाम दिया था। फरार हुए कार सवार बदमाशों को पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना अध्यक्ष एचोड़ा कंबोह संदीप बालियान को इकौंदा मार्ग स्थित गाँव शकतपुर के जंगल में बदमाशों की सूचना मिली थी। सूचना पर थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँच गए और उच्चाधिकारियों को भी स्थिति से अवगत कराया। सीओ जितेंद्र कुमार भी एसओजी टीम के साथ मौके पर पहुँच गए। जब पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जबाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। तेज बरसात के बीच हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की गोली दो बदमाशों के पैर में लगी। ये दोनों बदमाश बाइक पर सवार थे। दूसरी ओर कार सवार बदमाश पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे।
मुठभेड़ की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा व एएसपी आलोक कुमार जायसवाल भी मौके पर पहुँचे। घायल बदमाशों को असमोली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन बदमाशों ने एक माह पूर्व चंदौसी के एक तेल व्यापारी के यहाँ से 5 लाख को लूट को अंजाम दिया था। इन बदमाशो का एक साथी शुक्रवार मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र में लूट की घटना को अंजाम देते समय पकड़ा गया था। अब मुठभेड़ के दौरान हैप्पी निवासी सिरसी व दीपक निवासी बेटला, थाना क्षेत्र हजरतनगर गढ़ी को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किये गए बदमाशो के कब्जे से दो तमंचे और एक बाइक बरामद की गयी है। कार सवार तीन बदमाश मौके से फरार होने में सफल रहे है जिनकी तलाश जारी है।
