धामपुर थाना क्षेत्र से दहेज की खातिर एक विवाहिता की जीवन लीला समाप्त करने का मामला प्रकाश में आया है। धामपुर के मोहल्ला पहाड़ी दरवाजा जोशियान निवासी 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने हंगामा भी किया। मृतका के पिता की ओर से ससुराल वालों पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, अभी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना शेरकोट के मोहल्ला खुराड़ा निवासी परवीन सिंह की 35 वर्षीय पुत्री प्रेमवती की ससुराल धामपुर के मोहल्ला पहाड़ी दरवाजा जोशियान में है। परवीन सिंह ने बताया कि उनकी पुत्री का विवाह 18 वर्ष हुआ था। उसका पति शादी-विवाह में खाना बनाने का काम करता है। परवीन सिंह का आरोप है कि उनकी पुत्री प्रेमवती की रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार सुबह पड़ोसियों ने उन्हें सूचना दी, जबकि ससुराल वालों ने कोई सूचना नहीं दी। जब वह धामपुर पहुंचे तो पुत्री की मौत हो चुकी थी। इसके बाद मायके वालों ने ससुराल वालों पर आरोप लगाते हुए हंगामा भी किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत किया और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के पिता ने पति व ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और कोई जहरीला पदार्थ देकर मारने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इस मामले में एएसपी पूर्वी ओमवीर सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता लग सकेगा। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
| अभी तक पाठक संख्या |