प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रतनगढ़ के निकट सोमवार की सुबह नूरपुर अमरोहा मार्ग पर रोडवेज बस तथा बाईक में आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो जाने पर बाईक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार हेतु नूरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद युवक ने दम तोड़ दिया।
नूरपुर अमरोहा मार्ग स्थित ग्राम रतनगढ के नजदीक सोमवार सुबह को एक वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में बाईक सवार युवक चालक नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रही अमरोहा डिपो UP 21 N 9011 रोडवेज बस से बाईक जा भिड़ी। हालांकि रोडवेज बस चालक ने दुर्घटना को बचाने की कोशिश की, लेकिन बाईक रोडवेज के अगले हिस्से से जा टकराई। रोडवेज तथा बाईक में भिड़ंत हो गई मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल बाईक सवार युवक मोहम्मद शिकेव पुत्र मोहम्मद शमीम उम्र 30 वर्ष निवासी मोरना थाना नूरपुर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नूरपुर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया पुलिस ने रोडवेज बस को क्रेन के जरिए सड़क से हटवाया तब यातायात सुचारु हो सका।