धामपुर - ट्रैक्टर व स्कूटी की आमने सामने हुई भिड़ंत में स्कूटी सवार छात्रा की मौत, पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लिया - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, मार्च 15, 2022

धामपुर - ट्रैक्टर व स्कूटी की आमने सामने हुई भिड़ंत में स्कूटी सवार छात्रा की मौत, पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लिया

newsindia17

आज मंगलवार की सुबह कोचिंग सेंटर पर जा रही एक छात्रा की चंपा देवी मंदिर के पास ट्रैक्टर ट्राली से भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में घायल हुई छात्रा को स्थानीय निवासी एक निजी अस्पताल लेकर पहुँचे जहाँ उसे भर्ती करने से इंकार कर दिया गया। इसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 9:30 बजे नगर की रानी बाग कॉलोनी निवासी मनोज पांडे की पुत्री शिवांगी पांडे आयु 24 वर्ष अपने घर से पंजाबी कॉलोनी स्थित वेरियंट्स कोचिंग सेंटर पर पढ़ाने जा रही थी।शिवांगी जब चंपा देवी मंदिर के पास पहुंची इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही ट्रैक्टर ट्राली से स्कूटी की भिड़ंत हो गयी। ट्रेक्टर ट्राली व स्कूटी की भिड़ंत होने पर शिवांगी सड़क पर गिर गई और ट्रैक्टर का पहिया उतर जाने से गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय निवासी शिवांगी को उपचार हेतु निजी नर्सिंग होम ले गए जहां डाक्टरों ने उसे भर्ती करने से मना कर दिया। इसके बाद उसे उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।


घटना की सूचना पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के पिता मनोज पांडे अपनी पत्नी के साथ अस्पताल पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी प्राप्त की। परिजनों ने बताया कि शिवांगी पांडे पढ़ने में बहुत होशियार थी उसने बीटीसी, बीएड, टेट व यूपी टीईटी की परीक्षा क्वालीफाई कर ली थी और अब वह सुपर टेट की तैयारी कर रही थी। शिवांगी अपनी पढ़ाई करने के साथ-साथ कोचिंग सेंटर में भी क्लास लेती थी परंतु परिजनों को क्या मालूम था की आज उनके परिवार पर ऐसा दुख का पहाड़ टूट पड़ेगा।


घटना की सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद घटना की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। हिंदू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी डॉक्टर एनपी सिंह ने अस्पताल पहुंचकर मृतका के पिता मनोज पांडे से वार्ता की और उन्हें ढांढस बताते हुए हर प्रकार का सहयोग देने का आश्वासन दिया।

web counter
अभी तक पाठक संख्या