| इनसेट में मृतका उषा का फाइल फोटो |
पाठको को बताना उचित होगा कि 12 मार्च की रात थाना आदमपुर क्षेत्र के गाँव खरपड़ी में एक विवाहिता की हत्या कर दी गयी थी। इस मामले में 13 मार्च को मृतका के पति धीर सिंह द्वारा अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गयी थी। धीर सिंह द्वारा दर्ज कराई गयी रिपोर्ट में कहा गया था कि घटना की रात वह खाना खाकर खेत पर चला गया था। अगले दिन सुबह वापस आने पर उसे पत्नी उषा आयु 25 वर्ष का शव सीढ़ियों के पास पड़ा मिला था। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जाँच में जुटी थी। आदमपुर पुलिस द्वारा जाँच के आधार पर धीर सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ किये जाने पर इस घटना के राज से पर्दा उठ गया। पुलिस पूछताछ में धीर सिंह उषा की हत्या किया जाना स्वीकार किया और बताया कि साली के साथ प्रेम प्रसंग के चलते उसने ही उषा की हत्या की थी। इस सम्बन्ध में पुलिस क्षेत्राधिकारी सतीश पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि धीर सिंह का अपनी साली से प्रेम प्रसंग चल रहा था जिसका उषा विरोध करती थी। गत 9 मार्च को धीर सिंह अपनी साली से मिलने भी गया था। इसके बाद पति पत्नी के बीच विवाद भी हुआ था। धीर सिंह अपनी साली से शादी करना चाहता था। 12 मार्च की रात धीर सिंह ने पत्नी उषा के सिर पर चूल्हे की लकड़ी से वार किया तथा सील बट्टे से भी हमला किया। धीर सिंह ने उषा का गला भी दबाया था। इसके बाद धीर सिंह अंदर से दरवाजा बंद कर सीढ़ियों के सहारे छत से बराबर के घेर में पहुँचा और वहाँ से खेत पर चला गया था। धीर सिंह ने सुबह वापस आकर शोर मचाया ताकि लोगो को किसी प्रकार का शक न हो।
पुलिस ने धीर सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ के दौरान दिए गए बयान के आधार पर आज बुधवार को चालान कर जेल भेज दिया गया है।
| अभी तक पाठक संख्या |