संभल में कल शुक्रवार को होली के दिन दो सम्प्रदायों के बीच हुए टकराव के बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर जमकर पथराव किया। बताया गया कि ये विवाद मस्जिद पर रंग डालने को लेकर हुआ था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँचे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियो ने समझा बुझाकर मामले को शांत किया। मस्जिद पर पड़े रंग को पानी से धुलवा दिया गया है। सुरक्षा के दृष्टिगत क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस व पीएसी बल को तैनात किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल शुक्रवार की दोपहर लगभग 2 बजे होली का जुलुस निकाला जा रहा था। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने खग्गूसराय में स्थित मस्जिद पर रंग दाल दिया। मस्जिद पर रंग डाले जाने की जानकारी मिलते ही मुस्लिम सम्प्रदाय के लोगो ने एकजुट होकर इसका विरोध किया। हंगामा बढ़ने पर दोनों पक्षों की ओर से पथराव शुरू हो गया। दोनों ओर से किये गए पथराव में कुछ लोग घायल भी हो गए। जुलूस के साथ चल रहे पुलिस बल ने स्थिति को सँभालने का प्रयास किया व उच्चाधिकारियों को घटना के सम्बन्ध में सूचना दी।
सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी केके अवस्थी व एएसपी आलोक कुमार जायसवाल भारी पुलिस बल व अर्धसैनिक बलों के साथ मौके पर पहुँचे। मौके पर पहुँचे पुलिस बल ने लाठी फटकार कर हालात पर काबू पाया। मौके पर पहुँचे अधिकारियो ने समझाबुझाकर लोगो को शांत किया तथा बवाल करने वालो को चिन्हित कर कार्रवाई किये जाने के आदेश दिए। इस घटना के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया। सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस व पीएसी बल को तैनात किया गया है।
| अभी तक पाठक संख्या |