संभल कोतवाली पुलिस ने कल देर शाम 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष का कहना है कि पुलिस ने उनका पक्ष बिना सुने समझे उन्हें झूठे मुकदमे में फंसा दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर टांडा निवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा का गाँव निवासी देशराज के साथ एक प्लाट को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण 5 दिन पूर्व देशराज ने परिवार के साथ एसडीएम कार्यालय पर धरना दिया था। उस समय एसडीएम व सीओ ने सख्त रूप दिखाते हुए धरना समाप्त करा दिया था। इस मामले में पुलिस ने देशराज द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय शर्मा, उनके भाई सुभाष शर्मा एक अन्य सुधीश शर्मा व एक अज्ञात महिला समेत 4 लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। तहरीर में बताया गया था कि देशराज ने गाँव के ही श्यामलाल से 10 वर्ष पूर्व खरीदे गए प्लाट पर निर्माण कार्य शुरू कराया था। आरोप था कि इसी दौरान वहाँ पहुंचे विजय शर्मा, सुभाष शर्मा व सुधीश शर्मा ने 5 लाख रूपये की मांग की थी। देशराज द्वारा विरोध किये जाने पर विजय शर्मा ने निर्माण कार्य रूकवाने व जान से मारने की धमकी दी थी।
देशराज द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने कल मंगलवार की देर शाम कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि देशराज द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कांग्रेस जिलाध्यक्ष को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय शर्मा का कहना है कि पुलिस प्रशासन में उनकी मांग को अनदेखा कर उन्हें झूठे मुकदमे फंसाया है।
| अभी तक पाठक संख्या |