बिजनौर नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव गांवड़ी बुजुर्ग मे आज मंगलवार की दोपहर हुई किसान की के बाद क्षेत्र मे दहशत फ़ैल गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही हत्यारोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किया गया आरोपी पुलिस रिकॉर्ड मे हिस्ट्रीशीटर है। इस गाँव मे 6 दिनो मे 2 हत्याये हो चुकी है। गाँव मे पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गांवड़ी बुजुर्ग निवासी विजयपाल आयु 48 वर्ष पुत्र पूरन किसान था। विजयपाल आज मंगलवार की दोपहर अपनी माँ छुटिया के साथ खेत पर गया था। विजयपाल ने पहले गन्ने की ट्राली भरवाई और फिर दूसरे काम मे लग गया। इस दौरान उसकी माँ छुटिया वही चारा काटने लगी। इसी बीच वहां पहुंचे गाँव निवासी डालचंद ने विजयपाल के सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिया। इस वार से गंभीर रूप से घायल हुए विजयपाल को परिजन उपचार हेतु सीएचसी ले गए जहाँ से उसे बिजनौर रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी, सीओ सिटी संग्राम सिंह स्थानीय पुलिस के साथ अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। घटना की जानकारी लेने के बाद पुलिस अधिकारी पुलिस बल के साथ गाँव गांवड़ी बुजुर्ग पहुंचे। यहाँ पुलिस ने नशे के हालत मे मिले हत्यारोपी डालचंद को गिरफ्तार कर लिया। डालचंद से की गयी पूछताछ मे उसने हत्या किया जाना स्वीकार किया है।
पाठको को बताना उचित होगा कि गत बुधवार देर शाम गांवड़ी बुजुर्ग में ही उक्त मामले के हत्यारोपी डालचंद के भतीजे रोहित उर्फ रिंकू की धारदार हथियारों से वार कर हत्या कर दी गई थी। इस घटना मे मृतक रिंकू का चचेरा भाई घायल हुआ था। इस हत्याकांड में चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
एसपी सिटी संजीव वाजपेयी ने बताया कि विजयपाल की हत्या करने वाले आरोपी डालचंद को गिरफ्तार कर लिया गया है। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपी ने हत्या किया जाना कबूल किया है, हत्यारोपी के बेटे से दो दिन पहले विजयपाल की कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश में उसने हत्या कर दी। पूर्व में हुई हत्या के आरोपियों से मृतक विजयपाल का कोई संबंध नहीं है।
 | अभी तक पाठक संख्या |
|
|