आज शनिवार दोपहर मुरादाबाद के भगतपुर थाना क्षेत्र स्थित ढेला नदी पुल के नीचे एक युवती का शव पड़ा मिलने पर सनसनी फ़ैल गयी। मृतका की पहचान ललित, निवासी गाँव उमरपुर नत्थल, थाना क्षेत्र रेहड़ जिला बिजनौर के रूप में हुई है। बताया गया कि युवती यहाँ ठाकुरद्वारा में किराए के कमरे में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार ललिता पिछले कई महीनों से ठाकुरद्वारा में रहकर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। हाल ही में उसने होमगार्ड भर्ती परीक्षा भी दी थी। उसके साथ उसकी भतीजी भी किराए के कमरे में रहती थी।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कल शुक्रवार को ललिता का भाई गांव से राशन लेकर आया था। भाई ने आने से पहले ललिता को फोन कर आने की जानकारी देते हुए पूछा था कि वह कहाँ है। इस पर ललिता ने बताया था कि वह कोचिंग मे है। भाई के कमरे पर पहुंचने पर ललिता उसे वही मिली थी। इसको लेकर भाई ने उसे डांटा था और कहा था कि ऐसा करने पर वह कभी किसी परीक्षा मे सफल नही हो पायेगी। इसके बाद भाई गांव लौट गया। पुलिस के अनुसार भाई के जाने के बाद युवती अपनी भतीजी को कमरे पर छोड़कर कहीं चली गई।
जांच में यह भी सामने आया है कि घर से निकलने से पहले युवती ने अपने परिजनों से फोन पर बात की थी और कहा था कि अब तुम मुझे कभी नहीं देख सकोगे। कल दोपहर लगभग ढाई बजे हुई इस बातचीत के बाद युवती का मोबाइल बंद हो गया और वह लापता हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
आज शनिवार दोपहर भगतपुर थाना क्षेत्र के मानपुर दत्तराम के पास ढेला नदी पुल के नीचे एक युवती का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी जांच कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि अभी जांच जारी है और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

