पुलिस अधीक्षक बिजनौर के निर्देशन मे अपराधियो की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे सघन अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानो मे प्रतिदिन ही गिरफ्तारियो का क्रम जारी है। इसी क्रम मे आज बुधवार की सुबह अफजलगढ़ पुलिस ने मुठभेड़ के बाद विभिन्न संगीन मामलो मे वाँछित दो हिस्ट्रीशीटर बदमाशो को गिरफ्तार करने मे सफलता प्राप्त की है। मुठभेड़ के दौरान घायल हुए दोनो बदमाशो को उपचार हेतु सीएचसी अफजलगढ़ मे भर्ती कराया गया है। पुलिस विधिक कार्रवाई मे जुटी है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट मे बताया गया कि आज बुधवार की सुबह पुलिस टीम द्वारा बाड़ीगढ़ सुआवला मार्ग पर नाकेबंदी कर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को हरपुर नहर की पटरी की ओर से दो बाइक सवार संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा रोकने का प्रयास करने पर दोनों बाइक सवारो ने पीछे वापस भागने का प्रयास किया तथा पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों द्वारा की गयी फायरिंग मे कांस्टेबल शैलेन्द्र घायल हो गया। पुलिस द्वारा की गयी जबाबी कार्रवाई मे दोनों बाइक सवार पैर मे गोली लगने पर घायल होकर गिर गए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनो को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ मे पता लगा कि घायल हुए बाइक सवारो मे से एक का नाम शानू उर्फ़ गोलटा पुत्र तस्लीम, निवासी ग्राम मनिहारी सराय, नगीना व दूसरे का नाम सुल्तान उर्फ़ चीनू पुत्र अशरफ, निवासी ग्राम चक गोवर्धन, थाना क्षेत्र नहटौर है। पुलिस ने शानू उर्फ़ गोलटा के पास से 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 2 जिन्दा कारतूस 315 बोर व सुल्तान उर्फ़ चीनू के पास से 01 अवैध तमंचा 12 बोर व 2 जिन्दा कारतूस 12 बोर बरामद किये है। अभियुक्तो के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की एक बाइक भी बरामद की गयी है। अभियुक्तो से की गयी पूछताछ मे पता लगा कि ये दोनो लूट की घटना को अंजाम देने यहाँ आये थे। पुलिस ने घायल हुए दोनो अभियुक्तो को उपचार हेतु सीएचसी अफजलगढ़ मे भर्ती कराया है।
बताया गया कि गिरफ्तार किया गया अभियुक्त शानू उर्फ़ गोलटा नगीना थाने का हिस्ट्रीशीटर है तथा उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानो मे लगभग 2 दर्जन मुकदमे दर्ज है। अभियुक्त सुल्तान उर्फ़ चीनू भी थाना नहटौर का हिस्ट्रीशीटर है तथा उसके खिलाफ भी जनपद के विभिन्न थानो मे लगभग डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज है। गिरफ्तार किये गए अभियुक्तो के खिलाफ सुसंगत धाराओ मे मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। अभियुक्तो को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम मे थानाध्यक्ष अफजलगढ़ सुमित राठी, उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार, हरवीर सिंह, हेड कांस्टेबल विपिन कुमार, कांस्टेबल आकाश, नितिन, राहुल, शैलेन्द्र व अभिषेक ढाका शामिल रहे।