जोया/जिला अमरोहा - राजस्थान से आयी दुल्हन ने पति व ससुर को बेहोश कर उड़ाई लाखो की नकदी व जेवर, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, फ़रवरी 19, 2025

जोया/जिला अमरोहा - राजस्थान से आयी दुल्हन ने पति व ससुर को बेहोश कर उड़ाई लाखो की नकदी व जेवर, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज

www.newsindia17.com

उत्तर प्रदेश के जिला अमरोहा से एक विवाहिता द्वारा पति व ससुर को बेहोश कर लाखो रूपये की नकदी व जेवरात लेकर फरार होने का मामला प्रकाश मे आया है। इस मामले मे पुलिस ने अदालत के आदेश पर दुल्हन उसके पिता व भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


मुरादाबाद के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गंगा मंदिर क्षेत्र के निवासी शशांक चौहान वर्तमान मे अपने पिता सुभाष चौहान, माँ व भाई के साथ डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गाँव नन्हेड़ा राजपूत मे रहते है। बताया गया कि 15 जुलाई 2024 को शशांक चौहान की शादी अनामिका पुत्री महेंद्र सिंह कुशवाहा, निवासी जेजीए कॉलोनी, थाना क्षेत्र भकरौला, जयपुर पश्चिम, राजस्थान के साथ हुई थी। शादी के बाद अनामिका अपने ससुराल आकर रह रही थी। बताया गया कि अनामिका लगातार अपने मायके वालो के सम्पर्क मे थी तथा दिन मे कई बार फोन पर बात करती थी। 1 सितम्बर 2024 को शशांक की माँ दिल्ली स्थित अपनी एक रिश्तेदारी में गयी थी तथा छोटा भाई भी अपने काम पर गया हुआ था। इसी दिन अचानक ही अनामिका का पिता महेंद्र सिंह कुशवाहा बेटी के घर आ गया। रात को सभी ने खाना खाया और सोने चले गए। आरोप है कि रात लगभग 10 बजे अनामिका ने अपने पति शशांक व ससुर सुभाष चौहान को दिए गए दूध मे कोई नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया।


अगले दिन होश आने पर शशांक व उसके पिता ने खुद को अस्पताल मे भर्ती पाया। अस्पताल से वापस आने पर उन्हें घर में अनामिका और उसका पिता नही मिले थे। घर मे रखी साढ़े 7 लाख की नकदी व लगभग 9 लाख रूपये कीमत के जेवरात भी गायब थे। अनामिका व उसके पिता से सम्पर्क करने पर दोनो के मोबाइल फोन भी बंद मिले। एक माह पूर्व शशांक व उसके परिजन राजस्थान गए थे। जहाँ अनामिका उसके पिता महेंद्र कुशवाहा व भाई पुष्पेंद्र ने इनके साथ मारपीट की और भगा दिया। आरोप है कि अनामिका और उसका पिता ही घर से नकदी व जेवरात चोरी कर ले गए है।


स्थानीय पुलिस द्वारा उक्त मामले मे कार्रवाई ने किये जाने पर पीड़ित पक्ष ने अदालत की शरण ली थी। प्रभारी निरीक्षक डिडौली हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि अदालत के आदेश पर अनामिका, उसके पिता महेंद्र कुशवाहा व भाई पुष्पेंद्र कुशवाहा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या