गत 12 मार्च को होली के सामान की खरीदारी कर रही एक महिला के साथ हुई छिनैती की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। नजीबाबाद पुलिस व स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस मामले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किये गए आरोपी का सुसंगत धाराओ मे चालान कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट मे बताया गया कि उक्त मामले मे गत 12 मार्च को एक तहरीर थाना नजीबाबाद पर प्राप्त हुई थी। अतुल चौहान पुत्र स्व0 विजय सिंह, निवासी सावित्री एन्क्लेव, आदर्शनगर, नजीबाबाद द्वारा दी गयी इस तहरीर मे बताया गया था कि आज उसकी माताजी होली के सामान की खरीदारी करने बाजार गयी थी। दोपहर के समय बाजार से वापस आते समय सावित्री एन्क्लेव स्थित रामपाल सिंह के मकान के सामने एक अज्ञात व्यक्ति ने उसकी माताजी के दोनो कानो से सोने के कुंडल झपट लिए और फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले मे मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
आज 17 मार्च को स्वाट टीम व नजीबाबाद पुलिस ने उक्त मामले का खुलासा करते हुए आरोपी अंकित गिरी पुत्र मलखान गिरी, मूल निवासी हरिपुरम कुकड़ा, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी इस समय नजीबाबाद के आदर्शनगर स्थित ग्रीन वैली कॉलोनी मे रह रहा था। गिरफ्तार किये गए आरोपी के पास से महिला से छीने गए सोने के कुंडल बरामद किये गए है। गिरफ्तार किये गए आरोपी के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है।
अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम मे प्रभारी निरीक्षक थाना नजीबाबाद जयभगवान सिंह, निरीक्षक सचिन मलिक, उप निरीक्षक विकास कुमार, परवीन कुमार, हेड कांस्टेबल विनय पंवार, कांस्टेबल रजत राठी व अमित कुमार शामिल रहे।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

