नजीबाबाद/जिला बिजनौर - सनकी युवक ने गले पर चाकू रख युवती को बनाया बंधक, 30 मिनट तक हुए हंगामे के बाद पुलिस ने दबोचा - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, जनवरी 01, 2026

नजीबाबाद/जिला बिजनौर - सनकी युवक ने गले पर चाकू रख युवती को बनाया बंधक, 30 मिनट तक हुए हंगामे के बाद पुलिस ने दबोचा

www.newsindia17.com

कल बुधवार की शाम जिला बिजनौर के नजीबाबाद में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सनकी युवक ने भीड़ भरे मुख्य बाजार में एक युवती के गले पर चाकू रखकर उसे बंधक बना लिया। इस रूह कँपा देने वाली घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए न केवल युवती को सुरक्षित बचाया, बल्कि आरोपी को भी दबोच लिया।


उक्त घटना कल बुधवार देर शाम करीब 7 बजे की है। जानकारी के अनुसार युवती अपनी सहेलियों के साथ बाजार में खरीदारी करने आई थी। इसी दौरान अचानक पीछे से आये एक युवक ने युवती को पकड़ लिया और गले पर धारदार चाकू रख दिया। इस दौरान युवक चिल्ला-चिल्लाकर लोगों को पीछे हटने की धमकी दे रहा था। स्थानीय दुकानदार ने बताया कि युवक आपे से बाहर था। वह लड़की को जान से मारने की धमकी दे रहा था और शोर मचा रहा था।


शोर सुनकर स्टेशन रोड पर पिकेट ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आए। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियो  ने देखा कि आरोपी युवती की गर्दन पर चाकू सटाए हुए है। पुलिस ने मौके की गंभीरता को समझा और सूझबूझ से काम लिया। कुछ पुलिसकर्मियों ने आरोपी युवक को बातो में उलझाकर उसका ध्यान भटकाया और अन्य ने उसे झपट्टा मारकर दबोच लिया। पुलिसकर्मियो की सूझबूझ के चलते युवती को सुरक्षित मुक्त कराया जा सका। इस घटना के बाद युवती सदमे में है।


पुलिस की गिरफ्त में आये आरोपी बाराबंकी निवासी अजीत ने जो बयान दिया, उसने सबको चौका दिया। आरोपी ने बताया कि उसका युवती से कोई वास्ता नहीं था और न ही कोई पुरानी रंजिश थी। उसने पुलिस से कहा मुझे बस जेल जाना था, इसीलिए मैंने यह किया। आरोपी के इस अजीबोगरीब दावे के बाद पुलिस उसकी मानसिक स्थिति की जांच करा रही है।


सीओ नजीबाबाद नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी बाराबंकी का रहने वाला है और उसी दिन ट्रेन से नजीबाबाद पहुँचा था। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या वह नशे में था या किसी बड़ी आपराधिक साजिश का हिस्सा था।

conter12
अभी तक पाठक संख्या