नहटौर/जिला बिजनौर - क्षेत्रीय भाजपा विधायक ने किया विशाल ट्रेड फेयर का उद्घाटन, उमड़ रही भारी भीड़ - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, मार्च 27, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - क्षेत्रीय भाजपा विधायक ने किया विशाल ट्रेड फेयर का उद्घाटन, उमड़ रही भारी भीड़

www.newsindia17.com

नहटौर नगर मे सामाजिक और व्यापारिक परिवेश में उत्साह भरने के लिए आयोजित 'विशाल ट्रेड फेयर व प्रदर्शनी' का शुभारम्भ आज शुक्रवार की देर शाम क्षेत्रीय भाजपा विधायक ओम कुमार द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिकों के साथ ही भाजपा मंडल उपाध्यक्ष कपिल शर्मा उपस्थित रहे। प्रदर्शनी के आयोजकों ने क्षेत्रीय विधायक ओमकुमार व भाजपा मंडलाध्यक्ष कपिल शर्मा को फूल माला पहनाकर व पगड़ी ओढ़ाकर सम्मानित किया।


उद्घाटन के पश्चात जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक ओम कुमार ने कहा कि बीते वर्षों में कोरोना महामारी के कारण छोटे व्यापारियों और हस्तशिल्पियों को बड़ी आर्थिक हानि उठानी पड़ी थी। इस दौरान कई व्यवसाय बंद होने की कगार पर पहुँच गए थे।उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के ट्रेड फेयर न केवल क्षेत्रीय निवासियों को एक ही छत के नीचे गृह उपयोगी वस्तुएं और मनोरंजन उपलब्ध कराते हैं, बल्कि इनसे छोटे कामगारों को रोजगार और आर्थिक मजबूती भी मिलती है।


भाजपा मंडल उपाध्यक्ष कपिल शर्मा ने अपने संबोधन में सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार 'अंत्योदय' के लक्ष्य के साथ काम कर रही है, जिससे छोटे कस्बों से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक भारत की नई पहचान बनी है। ऐसे आयोजन आपसी मेलजोल बढ़ाने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने में सहायक होते हैं।


नगर निवासी मुन्सफ मलिक और विशाल शर्मा के संयोजन में आयोजित इस प्रदर्शनी में बच्चों और बड़ों के लिए विभिन्न प्रकार के रोमांचक झूले व चटपटे व्यंजनों के स्टॉल्स और लजीज पकवानों की पूरी श्रृंखला उपलब्ध है। इसके साथ ही घर की सजावट, क्रॉकरी और दैनिक उपयोग के सामानों की दर्जनों दुकानें सजाई गई हैं। आयोजकों ने नगरवासियों से अपील की है कि वे सपरिवार प्रदर्शनी का आनंद लें और स्थानीय व्यापारियों का उत्साहवर्धन करें। उद्घाटन के दौरान भारी संख्या में स्थानीय लोग और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

counter
अभी तक पाठक संख्या