जिला बिजनौर के मंडावर थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहाँ पिता की डांट से आहत होकर 18 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका इंटरमीडिएट की छात्रा थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव चाहाड़ वाला निवासी छत्रपाल की 18 वर्षीय पुत्री आरजू कल सोमवार देर शाम अपने घर पर थी। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर पिता ने उसे डांट दिया था। पिता की फटकार आरजू को इतनी नागवार गुजरी कि वह चुपचाप अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक जब कमरे मै कोई हलचल न होने औऱ आरजू बाहर न आने पर परिजनों को चिंता हुई.
किसी अनहोनी की आशंका होने पर परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला औऱ अंदर पहुँचे. कमरे के अंदर का नजारा देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। आरजू का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में परिजनों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवती की मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना पर पहुंची मंडावर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे जिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों ने बताया कि आरजू पढ़ाई में होनहार थी और इंटरमीडिएट की छात्रा थी। वह अपने चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। परिवार को उम्मीद थी कि आरजू पढ़-लिखकर उनका नाम रोशन करेगी, लेकिन एक पल के आवेश ने सब कुछ खत्म कर दिया।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

