बिसौली/जिला बदायूँ - लिफ्ट देकर किसान को लूटने वाला एक बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, अप्रैल 02, 2026

बिसौली/जिला बदायूँ - लिफ्ट देकर किसान को लूटने वाला एक बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी

www.newsindia17.com

जिला बदायूँ की बिसौली कोतवाली पुलिस ने कल बुधवार की देर रात हुई मुठभेड़ के बाद किसान को लिफ्ट देकर लूटने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। बिसौली पुलिस द्वारा की गयी इस कार्रवाई मे एक हेड कांस्टेबल व गिरफ्तार किया गया बदमाश गोली लगने पर घायल हुए है। पुलिस ने गिरफ्तार किये गए बदमाश के पास से लूटी गयी नकदी, मोबाइल और वारदात मे प्रयुक्त बाइक बरामद की है।


पाठको को बताना उचित होगा कि गत 5 मार्च को थाना क्षेत्र के गांव फिरोजपुर निवासी किसान बॉबी पाठक ने मुड़िया कोल्ड स्टोर के पास से बिसौली जाने के लिए दो बाइक सवारो से लिफ्ट मांगी थी। ये बाइक सवार किसान को बाइक पर बैठाकर शेखुपुरा मंदिर के पास स्थित गंगा एक्सप्रेस वे के अंडरपास पर ले गए थे। वहाँ पहुंचकर इन बाइक सवार बदमाशो ने तमंचे के बल पर किसान से 5250 रूपये की नकदी, मोबाइल फ़ोन व 9 किलो मक्के का बीज लूट लिया था और मौके से फरार हो गए थे।


पुलिस इस वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशो की तलाश मे जुटी थी और लगातार दबिश दे रही थी। कल बुधवार को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने भानपुर अंडरपास के पास चेकिंग शुरू की थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार एक संदिग्ध को आता देख पुलिस टीम ने उसे रूकने का इशारा किया। पुलिस टीम को देखकर बाइक सवार ने मौके से भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। बदमाश द्वारा चलाई गयी ये गोली एक हेड कांस्टेबल के हाथ मे आ लगी। पुलिस द्वारा की गयी जबाबी फायरिंग मे एक गोली बदमाश में पैर मे जा लगी और घायल होकर गिर गया। पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाश को दबोच लिया।


पुलिस द्वारा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किये गए बदमाश ने अपना नाम भूरा उर्फ़ नन्हे पुत्र सरनाम, निवासी सदरपुर, बिल्सी बताया। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ मे उसने अपने साथी के साथ किसान से लूटपाट करना स्वीकार किया। उसने बताया कि वह बिना नंबर प्लेट की बाइक का उपयोग कर इस प्रकार की वारदातो को अंजाम देता है।


पुलिस ने गिरफ्तार किये गए बदमाश के पास से घटना मे प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बाइक, किसान से लूटे गए 5250 रूपये, मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किये है। इस मुठभेड़ के दौरान घायल हुए हेड कांस्टेबल व बदमाश को उपचार हेतु अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। प्रभारी निरीक्षक बिसौली ने बताया कि लूट की वारदात मे शामिल रहे दूसरे बदमाश की भी पहचान कर ली गयी है। उसकी गिरफ्तारी हेतु दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा।

conter12
अभी तक पाठक संख्या