बरेली पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने फर्जी गेमिंग एप्प के द्वारा ठगी करने वाले एक एक बड़े अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। ये गिरोह "महादेव", "महाकाल" और "एसआरएस पटेल" जैसे फर्जी गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए देशभर के लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य सरगना अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।
एसपी क्राइम मनीष चंद सोनकर ने प्रेस वार्ता के दौरान मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 'प्रतिबिंब पोर्टल' और मोबाइल नंबरों के हॉटस्पॉट विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आशुतोष सिटी में छापेमारी की। पुलिस ने मौके से दो आरोपियो सूर्या भान पटेल आयु 39 वर्ष और विनीत आयु 21 वर्ष को गिरफ्तार किया है जबकि मुख्य आरोपी शिवम कुमारजो वर्ष 2022 से इस नेटवर्क को संचालित कर रहा था मौके से फरार होने मे सफल रहा। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, वाईफाई राउटर, क्यूआर डिवाइस, डेबिट कार्ड, चेकबुक, पासबुक, सिम कार्ड और 50 से अधिक बैंक खातों का विवरण भी बरामद किया है।
पुलिस द्वारा की गयी जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी आशुतोष सिटी कॉलोनी में एक किराए का मकान लेकर बाकायदा कॉल सेंटर संचालित कर रहे थे। ठगी को अंजाम देने के लिए गिरोह ने कुछ युवतियों को भी नौकरी पर रखा था। ये युवतियां लोगों को कॉल कर अधिक मुनाफे का लालच देकर उन्हें फर्जी गेमिंग ऐप्स पर निवेश करने के लिए प्रेरित करती थीं। आरोपी युवतियों से कॉल कराकर निवेश पर भारी रिटर्न का झांसा देते थे और शुरुआत में छोटे निवेश पर मामूली मुनाफा दिखाकर पीड़ित का विश्वास जीत लेते थे। ये आरोपी क्यू आर कोड और फर्जी लिंक भेजकर पैसा ट्रांसफर करा लेते थे। पीड़ित द्वारा बड़ी रकम निवेश करने के बाद गेम हारने का झांसा देकर उसका अकाउंट ब्लॉक कर देते थे।
एनसीआरबी पोर्टल के तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि इस गिरोह के खिलाफ पहले से ही 15 से अधिक शिकायतें दर्ज थीं। इनका नेटवर्क उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना जैसे राज्यों में सक्रिय था।
एसपी क्राइम मनीष चंद सोनकर ने बताया कि कनीकी विश्लेषण के जरिए हम आरोपियों तक पहुँचने में सफल रहे। फरार मुख्य आरोपी शिवम की तलाश में दबिश दी जा रही है। इस गिरोह के बैंक खातों की जांच से और भी बड़े वित्तीय खुलासे होने की उम्मीद है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

