जिला बिजनौर के नगीना थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ आज मंगलवार की सुबह नगीना-काला खेड़ी मार्ग पर स्थित आईटीआई कॉलेज के सामने निर्माणाधीन पानी की टंकी पर 26 वर्षीय युवक का शव लटका हुआ मिला। युवक कल सोमवार शाम से लापता था। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें युवक ने अपनी मर्जी से जान देने की बात लिखी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगीना नगर के मोहल्ला लाल सराय का निवासी नवेद आयु 26 वर्ष पुत्र शरीफउद्दीन कल सोमवार शाम करीब साढ़े 6 बजे मगरिब की नमाज पढ़ने के लिए घर से निकला था। कल शाम को परिजनों से उसने फोन पर आखिरी बार बात की थी और फिर मोबाइल स्विच ऑफ हो गया था। नवेद के देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका था।
मृतक के चाचा शरीफउद्दीन ने बताया कि वे सोमवार रात को ही थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने 24 घंटे बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया था। आज मंगलवार सुबह परिजनों को सूचना मिली कि घर से करीब 3 किमी दूर निर्माणाधीन पानी की टंकी पर एक युवक का शव लटका है। मौके पर पहुँचने पर उसकी पहचान नवेद के रूप में हुई।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी डा0 अंजनी कुमार और प्रभारी निरीक्षक अवनीत मान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टंकी की ऊंचाई 40 से 50 फिट होने के कारण पुलिस को भी शव नीचे उतारने मे काफी मशक्क्त करनी पड़ी। मौके पर पहुँचे दमकलकर्मियों ने रस्सियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को सुरक्षित नीचे उतारा।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है। इस सुसाइड नोट मे युवक ने अपनी मर्जी से जान देने के बारे मे लिखा है। डा0 अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मौके से बरामद सुसाइड नोट में युवक ने अपनी इच्छा से यह कदम उठाने की बात लिखी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों के मुताबिक नवेद दिल्ली में लाइट फिटिंग का काम सीख रहा था और गत 14 फरवरी को ही घर आया था। उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर दिल्ली में काम सीख रहे युवक ने घर आने के बाद इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.jpg)
