सम्भल/उत्तर प्रदेश - पुलिस ने किया 5 दिन पूर्व हुए असालतपुर जारई लूटकांड का खुलासा, मुठभेड़ के बाद तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, मार्च 29, 2026

सम्भल/उत्तर प्रदेश - पुलिस ने किया 5 दिन पूर्व हुए असालतपुर जारई लूटकांड का खुलासा, मुठभेड़ के बाद तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार

www.newsindia17.com

उत्तर प्रदेश की संभल पुलिस ने घर में घुसकर लूटपाट करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आज रविवार सुबह चंदौसी कोतवाली क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा कॉम्बिंग के दौरान पकड़ा गया। गिरोह का तीसरा सदस्य पूर्व में ही छत से गिरकर घायल होने के कारण पुलिस की गिरफ्त में चुका है। घटना मे शामिल रहा मुरादाबाद का एक हिस्ट्रीशीटर अभी भी फरार है। पुलिस टीमे उसकी तलाश मे लगातार दबिश दे रही है।


पाठको को बताना उचित होगा कि बीती 24 मार्च को हथियारबंद बदमाशो ने चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के गाँव असालतपुर जारई में एक घर को निशाना बनाया था। इन बदमाशों ने कुल 5 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया था, जिसमें सोने-चांदी के जेवरात और नकदी शामिल थी। घर में घुसकर हथियारों के बल पर की गई इस लूटपाट से पूरे इलाके में दहशत का माहौल था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस की कई टीमें और सर्विलांस सेल को सक्रिय किया गया था।


आज रविवार की सुबह चंदौसी पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त घटना मे शामिल रहे दो अपाचे बाइक सवार 2 बदमाश क्षेत्र से गुजर रहे है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने बदमाशो की गिरफ्तारी हेतु घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान सुबह लगभग 11 बजे बुद्धनगर खंडवा मार्ग पर अपाचे बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते देख  पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस टीम को देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गयी जवाबी फायरिंग में एक बदमाश रवि पुत्र रामप्रसाद, निवासी बदायूं पैर में गोली लगने से घायल होकर मौके पर ही गिर गया। जिसे पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया गया। इस दौरान दौरान रवि का दूसरा साथी मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने तत्काल भारी घेराबंदी शुरू की और करीब दो घंटे की सघन कॉम्बिंग के बाद दूसरे आरोपी राहुल पुत्र हरीश, निवासी मुरादाबाद को भी गिरफ्तार कर लिया।


गिरोह का तीसरा सदस्य नसीम पुत्र बशीर अहमद, निवासी दिल्ली है। बताया जा रहा है कि लूट की वारदात के दौरान वह छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने अस्पताल में उपचार के बाद उसे भी औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है।


अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप कुमार और क्षेत्राधिकारी दीपक तिवारी ने चंदौसी कोतवाली में प्रेस वार्ता के दौरान किये गए खुलासे में बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार किये गए बदमाशो के पास से 30 हजार रुपए नकद, 2 सोने के कुंडल, 1 तमंचा 315 बोर, 2 जिन्दा व 1 खोखा कारतूस के साथ ही घटना मे प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद की है।


पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह का चौथा सदस्य राजेंद्र  निवासी मुरादाबाद है। राजेंद्र मुरादाबाद जिले का घोषित हिस्ट्रीशीटर है। वह फिलहाल फरार चल रहा है। पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

conter12
अभी तक पाठक संख्या