कैलादेवी/जिला सम्भल - झोलाछाप की लापरवाही ने ली 3 वर्षीय मासूम की जान, इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी हालत, हुई मौत - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, अप्रैल 03, 2026

कैलादेवी/जिला सम्भल - झोलाछाप की लापरवाही ने ली 3 वर्षीय मासूम की जान, इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी हालत, हुई मौत

www.newsindia17.com

उत्तर प्रदेश के जिला संभल में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर मौत का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। थाना कैलादेवी क्षेत्र में एक झोलाछाप डॉक्टर की कथित लापरवाही ने एक हंसते-खेलते तीन साल के मासूम बच्चे की जान ले ली। बुखार का इलाज कराने आए बच्चे को डॉक्टर ने एक के बाद एक दो इंजेक्शन लगाए, जिसके तुरंत बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी झोलाछाप क्लिनिक छोड़कर फरार हो गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव करनपुर कायस्थ निवासी संजय उर्फ नन्हे नोएडा में टेंपो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इन दिनों वह अपने गांव आए हुए थे। कल गुरुवार शाम उनके तीन वर्षीय इकलौते बेटे मोहित को अचानक बुखार आ गया। घबराए परिजन शाम करीब 5:30 बजे उसे गांव सौंधन स्थित अनिकेत नामक झोलाछाप डॉक्टर के अस्पताल ले गए। यहाँ डॉक्टर ने पहले कुछ टेस्ट किए और फिर एक इंजेक्शन लगाया। इसके कुछ देर बाद जैसे ही दूसरा इंजेक्शन दिया गया, मोहित की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। यह देख डॉक्टर ने अपना पल्ला झाड़ते हुए बच्चे को कहीं और ले जाने की सलाह दे दी।


बच्चे की बिगड़ती हालत देख पिता उसे लेकर आनन-फानन में संभल के एक निजी अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां के डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए भर्ती करने से मना कर दिया। थक-हारकर परिजन शाम करीब 7:00 बजे दोबारा सौंधन स्थित उसी क्लिनिक पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी डॉक्टर अनिकेत वहां से रफूचक्कर हो चुका था। कुछ ही देर में बच्चे ने दम तोड़ दिया। इकलौते बेटे की मौत से मां अनीता और पिता संजय का रो-रोकर बुरा हाल है।


घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने की प्रक्रिया शुरू की, हालांकि शोकाकुल परिजनों ने बच्चे का पोस्टमार्टम कराने से साफ इंकार कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


इस घटना के बाद ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणो का कहना है कि क्षेत्र में बिना डिग्री के कई झोलाछाप डॉक्टर धड़ल्ले से अस्पताल चला रहे हैं और लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं।

conter12
अभी तक पाठक संख्या