जिला बिजनौर के मंडावली थाना क्षेत्र अंतर्गत रावली रोड पर आज मंगलवार को एक ग्रामीण का शव पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने के बाद पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस प्रथम दृष्ट्या इसे सड़क हादसा मान रही है।
मृतक की पहचान राकेश आयु 45 वर्ष पुत्र रामे निवासी ग्राम टिक्कोंपुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार राकेश मंगलवार दोपहर घरेलू सामान की खरीदारी के लिए मंडावली गया था। वहां से वापस आते समय रावली रोड पर किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने राकेश की बाइक को टक्कर मार दी। ये टक्कर इतनी भीषण थी कि राकेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बेगावाला पुलिस चौकी प्रभारी उप निरीक्षक जितेंद्र गीतम ने बताया कि इस दुर्घटना में राकेश के साथ बाइक पर सवार एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे तत्काल एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं।
मृतक राकेश पेशे से मजदूर थे और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। राकेश अपने पीछे तीन बेटियो और दो बेटो को रोता बिलखता छोड़ गए हैं। राकेश की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बेगावाला चौकी प्रभारी जितेंद्र गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या यह मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

