
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर से उदयपुर के कन्हैयालाल को लेकर प्रदेश की भजनलाल सरकार और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को निशाने पर लिया है। अशोक गहलोत ने इस संबंध में सोशल मीडिया के माध्यम से बड़ी बात कही है।
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने अब एक्स के माध्यम से कहा कि यह बेहद दुखद है कि उदयपुर के स्वर्गीय कन्हैयालाल के परिवार को भाजपा सरकार से न्याय के लिए गुहार लगानी पड़ रही है। गृहमंत्री अमित शाह ने विधानसभा चुनाव के समय जनता में भ्रम फैलाया कि राजस्थान सरकार ने स्पेशल कोर्ट नहीं बनाया, जबकि यह मुकदमा शुरू से ही एनआईए के पास है और एनआईए की स्पेशल कोर्ट में ही चल रहा है।
अशोक गहलोन ने कहा कि अमित शाह जी, भाजपा की राजस्थान में सरकार बने सवा दो साल हो चुके हैं। आपकी सरकार ने अभी तक इस मामले में वह स्पेशल कोर्ट क्यों नहीं बनाया है, जिसका आरोप आप कांग्रेस सरकार पर लगा रहे थे?
भाजपा सरकार की एनआईए 160 गवाहों में से 40 गवाहों की गवाही तक नहीं करवा सकी
गहलोत ने कहा कि भाजपा ने इस मामले पर केवल राजनीति की है। अगर भाजपा सरकार चाहती तो इस मुकदमे की 'डे-टू-डे' हियरिंग (रोजाना सुनवाई) करवाती और अभी तक दोषियों को सजा हो जाती, परन्तु अभी तक भाजपा सरकार की एनआईए 160 गवाहों में से 40 गवाहों की गवाही तक नहीं करवा सकी है। पूर्व सीएम ने कहा कि कन्हैयालाल के दोनों हत्यारे भाजपा के कार्यकर्ता थे, इसलिए भाजपा इनको सजा नहीं होने दे रही है। एक तरफ पूरे देश में सांप्रदायिकता का माहौल बना हुआ है, वहीं दूसरी तरफ भाजपा इतने संगीन मामले में अपराधियों को अभी तक सजा दिलाने में विफल रही है।
PC:X
अपडेट खबरों के लिए हमारावॉट्सएप चैनलफोलो करें