विकास खंड आकू नहटौर के ग्राम रोजगार सेवकों ने गत 6 माह से मानदेय का भुगतान न होने और 2 वर्षों से ई.पी.एफ.की राशि जमा न किए जाने के विरोध में आज मंगलवार को विकास खंड कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उपस्थित रहे रोजगार सेवकों ने प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए समस्याओ का जल्द ही समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी।
विकास खंड कार्यालय पर जुटे रोजगार सेवकों ने बताया कि वे पिछले 18-20 वर्षों से निष्ठापूर्वक अपनी सेवाएं दे रहे है। इस सबके बाद भी शासन-प्रशासन उनकी मांगों को अनसुना करता आ रहा है। रोजगार सेवको का कहना है कि पिछले 6 माह से मानदेय न मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बच्चों की शिक्षा और दैनिक खर्चे पूरे करना अब उनके लिए नामुमकिन होता जा रहा है।
रोजगार सेवकों ने एक गंभीर अनियमितता की ओर इशारा करते हुए बताया कि पिछले 2 वर्षों से उनके मानदेय से ई.पी.एफ. की राशि काटी तो जा रही है, लेकिन इस राशि को भी ई.पी.एफ.ओ खाते में जमा नहीं कराया गया है। उनके मानदेय से कटौती की गयी ये राशि ब्लॉक के होल्डिंग या पूल अकाउंट में अटकी हुई है। प्रदर्शनकारियो ने पिछले 6 माह से रुके हुए मानदेय के तुरंत भुगतान किये जाने, होल्डिंग अकॉउंट मे पड़ी ई.पी.एफ. की राशि को तुरंत ही उनके व्यक्तिगत खातो में ट्रांसफर किये जाने व देरी से जमा किये जाने के कारण ई.पी.एफ.ओ. द्वारा लगाए जाने वाले जुर्माने को शासन द्वारा वहन किये जाने की मांग की है।
इस विरोध प्रदर्शन में रोजगार सेवक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष हरिओम सैनी के नेतृत्व में सुरेश कुमार, वीरपाल सिंह, दीपक कुमार, साहिल कुमार, सुभाष कुमार, राजवीर सिंह, अंकित कुमार, ज्वाला देवी, रजनी शर्मा, रूबी, अमजद, उमेश कुमार, महेंद्र सिंह और कमल शर्मा सहित भारी संख्या में सेवक मौजूद रहे।
खंड विकास अधिकारी प्रताप सिंह ने बताया कि रोजगार सेवकों की समस्याओं और मानदेय की मांग के संबंध में जिला मुख्यालय को पत्र लिखकर अवगत कराया गया है। ई.पी.एफ. संबंधी तकनीकी दिक्कतों को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
