कल बुधवार की देर रात जिला बरेली के भुता थाना क्षेत्र में डा0 भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने के बाद आज गुरुवार की सुबह तनाव पैदा हो गया। प्रशासन द्वारा प्रतिमा को हटाए जाने के निर्देश देने पर ग्रामीण उग्र हो गए और बड़ी संख्या में महिलाएं व बुजुर्ग पार्क परिसर में ही धरने पर बैठ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर मे अम्बेडकर पार्क के लिए आवंटित की गयी भूमि पर कल बुधवार की देर रात किसी समय कुछ ग्रामीणो ने बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित कर दी। आज गुरुवार की सुबह इसका पता लगने पर मौके पर सैकड़ो लोगो की भीड़ जुट गयी और प्रतिमा लगाने का विरोध किया जाने लगा। भीड़ का कहना था कि बिना प्रशासनिक अनुमति के रात के अँधेरे मे इस प्रकार प्रतिमा स्थापित किया जाना गलत है। दो पक्षो के बीच पनपे इस विवाद के चलते क्षेत्र मे तनाव की स्थिति बन गयी।
घटना की सूचना मिलते ही भुता थाना प्रभारी रविंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह और अन्य उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुँच गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच जाकर उन्हें शांत करने की कोशिश की।अधिकारियो ने ग्रामीणो को समझाने का प्रयास किया कि सार्वजनिक स्थल पर मूर्ति स्थापना के लिए प्रशासन की अनुमति अनिवार्य है। इस पर ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
कुछ ही देर में मौके पर पहुँची दर्जनों महिलाये व बुजुर्ग प्रतिमा के सामने जमीन पर बैठ गए और कहा कि वे किसी भी स्थिति मे प्रतिमा को वहां से नही हटने देंगे। मौके पर पहुँची एसडीएम फरीदपुर मल्लिका नैन ने बताया कि ग्रामीणों से निरंतर वार्ता की जा रही है। उन्हें बताया गया है कि प्रतिमा स्थापित करने हेतु नियमानुसार वैधानिक अनुमति मिलना आवश्यक है। हमने ग्रामीणों से अपील की है कि अनुमति मिलने तक वे मूर्ति को स्वयं सुरक्षित स्थान पर रखें। अनुमति प्राप्त होते ही पुलिस व प्रशासन की मौजूदगी में पूरे सम्मान के साथ मूर्ति का अनावरण कराया जाएगा।
प्रशासनिक अधिकारियों के बार-बार समझाने के बावजूद ग्रामीण देर शाम तक अपनी मांग पर अड़े रहे। गांव में माहौल तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल ग्रामीण और महिलाएं आवंटित परिसर में डटे हुए हैं और प्रशासन बीच का रास्ता निकालने की कोशिश में जुटा है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

