जिला बिजनौर के रेहड़ थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक युवक नाबालिग को अकेला पाकर जबरन अपने घर में खींच लिया और दुष्कर्म का प्रयास किया। परिजनों की सक्रियता के चलते आरोपी किशोरी को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
उक्त घटना आज शुक्रवार सुबह की बताई जा रही है। पीड़िता के पिता द्वारा थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, उनकी नाबालिग बेटी अपने दादा के घर खाना बनाने के लिए जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे पड़ोसी युवक एजाज अहमद पुत्र आबिदउल्ला, निवासी रायपुरी ने किशोरी को पकड़ लिया और खींचकर अपने घर के भीतर ले गया। आरोप है कि घर के अंदर एजाज ने किशोरी से दुष्कर्म करने का प्रयास किया। किशोरी द्वारा शोर मचाये जाने पर आरोपी ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और कपड़े भी फाड़ दिए।
किशोरी के काफी देर बाद भी दादा के घर न पहुंचने पर परिजनो को उसकी चिंता हुई और तलाश शुरू कर दी। पीड़िता के पिता ने बताया कि आरोपी के घर के पास पहुंचने पर पकड़े जाने के डर से उसने बेटी को बाहर धकेल दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद सहमी हुई हालत मे घर पहुँची किशोरी ने परिजनों को आपबीती कह सुनाई। परिजन किशोरी को लेकर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की है।
थानाध्यक्ष रेहड़ राजीव कुमार ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपी एजाज अहमद के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओ मे मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
