जिला बिजनौर के नूरपुर थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ चार युवकों ने एक किशोरी को अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपियों ने पहले किशोरी द्वारा उसके परिजनों को नशीली गोलियां खिलवाईं और फिर उसे अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अभी भी फरार है।
एसपी ग्रामीण प्रकाश सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि थाना क्षेत्र के गाँव पूरनपुर नंगला निवासी टीटू पाल पुत्र सुनील पाल नामक युवक का थाना क्षेत्र के गाँव निवासी दूसरे समुदाय की युवती के घर आना जाना था। किशोरी भी टीटू से फोन पर बात करती थी। गत 8 अप्रैल की रात टीटू ने एक सोची-समझी साजिश के तहत किशोरी को कुछ नशीली गोलियां दीं और उन्हें खाने में मिलाकर परिजनों को खिलाने के लिए उकसाया, ताकि वे गहरी नींद में सो जाएं। किशोरी ने वैसा ही किया।
परिजनों के बेहोश होने पर टीटू किशोरी के घर पहुँचा। यहाँ से उसने कीमती आभूषण और 10 हजार की नकदी चोरी की और किशोरी को बहला-फुसलाकर गांव के पास स्थित बंद पड़े विवाह मंडप में ले गया। वहां टीटू के तीन अन्य साथी रितेश पुत्र चंद्रपाल, विशेष पुत्र खूब सिंह और एक अन्य बाल अपचारी पहले से मौजूद थे। आरोप है कि यहाँ इन चारों ने यहाँ किशोरी के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
अगली सुबह बदहवास हालत में घर पहुँची किशोरी ने रोते हुए अपने साथ हुई दरिंदगी की कहानी परिजनों को कह सुनाई। यह सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़िता की माँ कल शुक्रवार की रात थाने पहुँची और आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और चारों आरोपियों टीटू, रितेश, विशेष और बाल अपचारी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। नूरपुर पुलिस ने आज शनिवार को दबिश देकर मुख्य आरोपी टीटू व उसके साथी विशेष को गिरफ्तार करने के साथ ही बाल अपचारी को भी हिरासत मे ले लिया।
एसपी ग्रामीण प्रकाश सिंह ने बताया गिरफ्तार किये गए आरोपियों टीटू पाल व विशेष को जेल भेजा गया है। फरार चल रहे आरोपी रितेश पुत्र चंद्रपाल की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं, उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
.jpg)
