परतापुर/जिला मेरठ - बड़ी बहन से हुई मामूली कहासुनी के बाद युवती ने फांसी के फंदे पर झूलकर दी जान, मचा कोहराम - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, अप्रैल 12, 2026

परतापुर/जिला मेरठ - बड़ी बहन से हुई मामूली कहासुनी के बाद युवती ने फांसी के फंदे पर झूलकर दी जान, मचा कोहराम

www.newsindia17.com
एआई जनरेटेड इमेज 
जिला मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक 20 वर्षीय युवती ने अपनी बड़ी बहन के साथ हुई मामूली कहासुनी के बाद आज रविवार को फांसी के फंदे पर झूलकर जान दे दी। परिजनों द्वारा अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव सोलाना निवासी किश्त आयु 20 वर्ष पुत्री मुस्तकीम का आज रविवार दोपहर अपनी बड़ी बहन के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बहनों के बीच हुई यह मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि किश्त नाराज होकर अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कमरे मे गयी किश्त के काफी देर तक भी बाहर न आने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने काफी आवाजें दी मगर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शोर सुनकर पड़ोसी भी मौके पर जमा हो गए। परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ अंदर प्रवेश किया। कमरे के अंदर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। यहाँ किश्त फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी।


परिजनो ने आनन-फानन में युवती को फंदे से उतारा और न्यूट्रीमा अस्पताल ले गए। वहाँ डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।


घटना की सूचना मिलने पर परतापुर पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों के बयान दर्ज किए। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि यह मामला प्रथम दृष्टया बहन के साथ हुए विवाद के बाद आवेश में आकर की गयी आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

counter
अभी तक पाठक संख्या