आज रविवार की दोपहर नहटौर-कोतवाली देहात मार्ग पर हुए सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की दर्दनाक मौत हो गयी। यहाँ लकड़ी से लदी एक ट्रैक्टर -ट्रॉली अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में पलट गई और चालक लकड़ियों के नीचे दब गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने भारी लकड़ियो को हटाकर चालक को बाहर निकाला मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम रुखड़ियो का निवासी राजेंद्र सिंह आयु 50 वर्ष पुत्र बिशन लाल आज रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पॉपुलर की लकड़ी भरकर नजीबाबाद की ओर जा रहे थे। नहटौर-कोतवाली देहात मार्ग पर गांव फुलसंदा के पास पहुंचने पर उनका ट्रैक्टरअनियंत्रितहोकर सड़क किनारे बने एक गहरे गड्ढे में जा गिरा और ट्रॉली पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रॉली पर लदे भारी लकड़ी के लट्ठे सीधे चालक राजेंद्र सिंह के ऊपर गिर गए।
हादसे की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक नहटौर रविंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। लकड़ी के लट्ठों के नीचे दबे चालक को बचाने के लिए कोतवाल ने खुद मोर्चा संभाला और ग्रामीणों की मदद से भारी लकड़ियों को हटवाना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद राजेंद्र के शरीर को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
राजेंद्र सिंह की मौत की सूचना मिलते ही उनके गांव रुखड़ियो में शोक की लहर दौड़ गई। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटियां और दो बेटे हैं।
प्रभारी निरीक्षक नहटौर रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बचाव का प्रयास किया था। भारी लकड़ियों के नीचे दबने के कारण चालक की मौके पर ही मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

