जिला अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ नोएडा में तैनात उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सिपाही पर शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने, करीब दो लाख रुपये ठगने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करने का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि प्रेम प्रसंग और शोषण का यह सिलसिला दो साल पहले दिल्ली से घर वापस आते समय बस मे सफर के दौरान शुरू हुआ था। पीड़िता के अनुसार बस में उसकी मुलाकात बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव जलीलपुर निवासी पंकज सैनी से हुई थी। पंकज यूपी पुलिस में सिपाही है। बातचीत के दौरान पंकज ने युवती का मोबाइल नंबर ले लिया था। जिसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातें होने लगीं। आरोप है कि इसी बातचीत के दौरान पंकज ने युवती को शादी करने का भरोसा दिया और उसके भाई से भी बात की। पंकज युवती का विश्वास जीतने के बाद उसे नोएडा स्थित अपने सरकारी आवास पर ले गया। आरोप है कि वहाँ उसने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नही आरोपी ने अपनी बहन की शादी का झांसा देकर युवती से 1 लाख 90 हजार रुपये भी अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए और उसके सोने-चांदी के गहने भी गिरवी रखवा दिए।
पीड़िता के अनुसार आरोपी पंकज ने मार्च 2026 में अपनी बहन की शादी के बाद उसके साथ विवाह करने का वादा किया था। इस बीच 5 मार्च 2026 को उसने युवती के घर पहुँचकर दोबारा शारीरिक संबंध बनाए और जल्द शादी का आश्वासन दिया। मार्च का महीना बीतने के बाद शादी करने का दबाब बनाये जाने पर आरोपी सिपाही अपने वादे से मुकर गया। सिपाही ने युवती के प्रति जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और उसे अपमानित कर घर से निकाल दिया। ठगी और शोषण का शिकार हुई पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर गजरौला थाने में न्याय की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गजरौला पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत मे लेकर जेल भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक गजरौला मनोज कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी सिपाही पंकज सैनी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

