जिला बदायूँ के वजीरगंज क्षेत्र में तैनात महिला शिक्षिका का प्रेम-प्रसंग इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। तीन बच्चों की मां और प्राथमिक विद्यालय में तैनात यह शिक्षिका गत दिनो अपने पति व परिवार को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई थी। इस मामले में शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षिका को निलंबित कर दिया है। विभागीय कार्रवाई की भनक लगते ही अब शिक्षिका वापस लौट आई है और अब बहाली के लिए विभाग के चक्कर काट रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वजीरगंज ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षिका का एक युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। कुछ दिनों पहले शिक्षिका अचानक ही संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी शिक्षिका का कोई सुराग न मिलने पर उसके पति ने रिश्तेदारों से संपर्क किया। पत्नी का कुछ पता न लग पाने पर पति ने थाने मे तहरीर देकर भी शिकायत दर्ज कराई थी। मामला पुलिस के पास पहुँचते ही इसकी चर्चा गांव की चौपालों से लेकर बाजारों तक फैल गई।
चर्चा का विषय बन चुका ये मामला धीरे धीरे जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह तक भी जा पहुंचा। बीएसए ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बिना कोई सूचना दिए विद्यालय से अनुपस्थित रहने और अनुशासनहीनता के चलते शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शिक्षिका का यह आचरण राजकीय कर्मचारी नियमावली के विरुद्ध है।
दूसरी ओर विभागीय कार्रवाई और निलंबन की सूचना मिलते ही शिक्षिका अब वापस लौट आई है। सूत्रों के शिक्षिका अब विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर अपनी गलती सुधारने और बहाली की गुहार लगा रही है। हालांकि विभागीय स्तर पर मामले की जांच अभी जारी है।
यह घटना न केवल शिक्षा विभाग बल्कि आम जनमानस के बीच भी सुर्खियों में है। एक शिक्षिका द्वारा अपने तीन बच्चों और पति को छोड़कर जाने के इस कदम की हर तरफ निंदा हो रही है। फिलहाल, विभाग की जांच रिपोर्ट और शिक्षिका द्वारा दिए जाने वाले स्पष्टीकरण के बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा।
बीएसए बदायूँ वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बिना सूचना दिए ड्यूटी से गायब रहना और अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिक्षिका को निलंबित किया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही अगली कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

