बहजोई/जिला सम्भल - पुलिस ने किया हाईटेंशन लाइन के तार चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 2 शातिर चोर गिरफ्तार, लाखो का तार व दो कार बरामद - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, मई 05, 2026

बहजोई/जिला सम्भल - पुलिस ने किया हाईटेंशन लाइन के तार चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 2 शातिर चोर गिरफ्तार, लाखो का तार व दो कार बरामद

https://newsindia17.com/sambhal-police-arrested-interstate-gang-members-stealing-high-tension-wire-bahjoi/

जिला सम्भल की बहजोई थाना पुलिस ने हाईटेंशन लाइनों से तार चोरी करने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये के बिजली के तार, दो वाहन और आधुनिक उपकरण बरामद किए हैं। आज मंगलवार दोपहर जिला मुख्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता मे पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई और अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत ने संयुक्त रूप से इस कामयाबी का खुलासा किया।


एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि बहजोई पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर ग्राम बिसारू और राजपुर के बीच गंगा एक्सप्रेस-वे के नीचे पुलिया से दो आरोपियों को दबोचा। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान जमशेद आलम, निवासी बिजनौर, हाल निवासी दिल्ली और साहिल, निवासी जहांगीरपुरी, नई दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले कुछ समय में उन्होंने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में 33 केवी और 11 केवी की लाइनों से भारी मात्रा में तार चोरी किए हैं। अप्रैल माह में ही इस गिरोह ने करीब 1500 से 2000 किलोग्राम तार चोरी कर दिल्ली में ठिकाने लगाया था। वे चोरी किए गए तारों को दिल्ली के कबाड़ी दानिश उर्फ मुनसाद को 180-200 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचते थे।


एसपी ने बताया कि इस गिरोह ने हाल ही में करीब 10-11 स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था, जिसके संबंध में बिजली विभाग द्वारा पांच एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। गिरोह के पांच अन्य सदस्य अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार किये गए अभियुक्तों के पास से 13 बंडल बिजली कंडक्टर तार जिसकी कीमत लगभग 2.52 लाख रूपये है के साथ ही दिल्ली पंजीकरण नंबर की दो गाड़िया व दो मोबाइल फोन बरामद किये है।


एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि यह एक पेशेवर अंतर्राज्यीय गिरोह है जो बिजली विभाग की लाइनों को निशाना बनाता था। पकड़े गए आरोपियों से अहम सुराग मिले हैं, जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस खुलासे के दौरान सीओ बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार और थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक सहित पुलिस टीम मौजूद रही।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या