जिला बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक पड़ोसी युवक ने घर में घुसकर पांच माह की गर्भवती महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। विफल रहने पर आरोपी ने पीड़िता को बेरहमी से पीटा और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर मे बताया गया कि उक्त घटना 13 मई 2026 की सुबह करीब 7 बजे की है। उस समय महिला का पति खेत पर काम करने गया था और वह घर में अकेली थी। सूना घर देख एक पड़ोसी युवक दीवार लांघकर घर मे घुस आया। आरोप है कि युवक ने उसे अकेला पाकर अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और दुष्कर्म का प्रयास किया।
महिला द्वारा शोर मचाने व विरोध करने पर आरोपी युवक हैवानियत पर उतर आया। आरोपी ने गर्भवती महिला का गला दबाया और लात-घूंसों से जमकर पीटा। महिला की चीख-पुकार सुनकर जब तक ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुँचते, आरोपी वहां से भाग निकला। भागते समय उसने पीड़िता को पुलिस से शिकायत करने और किसी को घटना के बारे मे बताने पर उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने अब परिजनों के साथ थाने पहुंचकर मामले की तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी नबावगंज अरुण कुमार श्रीवास्तव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच के आदेश दिए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर शिकायत दर्ज कर ली गई है। महिला के आरोप बेहद गंभीर हैं, उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

