मेरठ/उत्तर प्रदेश - वलीमे की दावत मे घुस अंधाधुंध फायरिंग करने वाले 3 बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पुलिस पूछताछ मे हुआ चौंकाने वाला खुलासा - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, मई 16, 2026

मेरठ/उत्तर प्रदेश - वलीमे की दावत मे घुस अंधाधुंध फायरिंग करने वाले 3 बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पुलिस पूछताछ मे हुआ चौंकाने वाला खुलासा

https://newsindia17.com/crime/up/meerut/3-criminals-arrested-after-firing-at-walima-feast-in-meerut-following-encounter-police-investigation-reveals-shocking-information
गत 12 मई को लोहियानगर थाना क्षेत्र स्थित स्टार हेरिटेज मंडप मे आयोजित वलीमा की दावत मे घुसकर गोलीबारी करने वाले तीन बदमाशो को पुलिस ने आज शनिवार की तड़के हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के दौरान दो युवक व एक दो वर्षीय मासूम गोली लगने पर गंभीर रूप से घायल हुए थे। शादी की दावत मे पहुंचकर दहशत फ़ैलाने वाले इन बदमाशो की गिरफ्तारी पर 25 हजार का ईनाम घोषित किया गया था। आज शनिवार की तड़के पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ मे तीनो बदमाश व एक हेड कांस्टेबल भी गोली लगने पर घायल हुआ है। सभी घायलो को उपचार हेतु अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।


पाठको को बताना उचित होगा कि गत 12 मई को लोहियानगर थाना क्षेत्र के कमेला रोड स्थित स्टार हेरिटेज मंडप में लिसाड़ी गेट निवासी फैजान के वलीमे का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते लिसाड़ी गेट के बुनकर नगर निवासी सुहेल, जुनैद उर्फ काला और उनके साथी हथियारों से लैस होकर मंडप में घुस आये थे। इन बदमाशो द्वारा मंडप के अंदर की गयी अंधाधुंध फायरिंग के चलते वहां भगदड़ मच गयी थी। इस घटना मे राजा के कंधे, पैर व जांघ मे तीन गोलिया लगी थी जबकि इरफ़ान भी पेट और जांघ मे गोली लगने पर घायल हो गया था। इसके साथ ही दो वर्षीय मासूम हम्माद को भी एक गोली छूकर निकल गयी थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने इन सभी की गिरफ्तारी पर 25 हजार के ईनाम की घोषणा की थी।


आज शनिवार तड़के अंडरपास के पास चेकिंग कर रही लोहियानगर पुलिस व स्वाट टीम ने एक बाइक पर तीन संदिग्ध युवको को आता देख रूकने का इशारा किया। पुलिस टीम को देख बदमाशो ने फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया। बदमाशो द्वारा की गयी इस फायरिंग के दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल मोहित कुमार को आ लगी। गोली लगने पर घायल हुआ हेड कांस्टेबल मौके पर ही गिर गया। इसके बाद पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और जबाबी फायरिंग की। पुलिस द्वारा की गयी फायरिंग ने जुनैद उर्फ़ काला व हारिश पैर मे गोली लगने पर घायल हो गए। इन दोनो को पुलिस ने मौके पर ही धर दबोचा जबकि इनका तीसरा साथी अँधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से भाग निकला।


मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के भागने की सूचना पर कंट्रोल रूम के माध्यम से दिए जाने पर आनन फानन मे पूरे जिले में नाकेबंदी कर दी गयी। कुछ देर बाद ही परतापुर थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान फरार आरोपी सुहेल को भी घेर लिया। सुहेल ने भी आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस पर गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में सुहेल भी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।


पुलिस द्वारा की गयी जाँच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पीड़ित और आरोपी दोनों ही पक्ष गांजा तस्करी के अवैध कारोबार से जुड़े हुए हैं। इसी अवैध धंधे में वर्चस्व और पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों गुटों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी, जिसके कारण इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया।


एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वलीमे की दावत में मासूम समेत तीन लोगों को गोली मारने वाले तीन शातिर अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है, वहीं हमारे एक हेड कांस्टेबल भी घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों के पास से तीन अवैध हथियार, जिंदा व खोखा कारतूस और एक बाइक बरामद हुई है। मामले में आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या