बिलारी/जिला मुरादाबाद - तालाब किनारे मिट्टी खोदने गयी 2 महिलाओ के मलबे मे दबकर मौत, 1 गंभीर घायल - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, मई 20, 2026

बिलारी/जिला मुरादाबाद - तालाब किनारे मिट्टी खोदने गयी 2 महिलाओ के मलबे मे दबकर मौत, 1 गंभीर घायल

https://newsindia17.com/moradabad-bilari-two-women-died-mudslide-one-injured

आज बुधवार की सुबह जिला मुरादाबाद के बिलारी थाना क्षेत्र मे हुए दर्दनाक हादसे में दो महिलाओ की मौत हो गयी जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। इस घटना के बाद से क्षेत्र मे कोहराम मचा हुआ है। मृतको के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार, एसपी देहात, सीओ समेत पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव समथल की निवासी मालदेही पत्नी बृजपाल, सुनीता पत्नी श्रीराम व रामवती पत्नी छत्रपाल आज बुधवार सुबह गाँव के पास स्थित तालाब से मिटटी खोदने गयी थी। इन महिलाओ के साथ एक 9 वर्षीय बच्ची भी थी। महिलाये तालाब के गड्ढे मे गहराई तक जाकर मिटटी खोदने लगी इसी दौरान किनारो पर मौजूद मिटटी का भरी ढेर अचानक ही ताश के पत्तो की तरह ढह गया। तेजी से गिरे इस मलबे ने महिलाओ को सम्भलने का भी मौका नही दिया और तीनो इसके नीचे दब गयी। इस दौरान महिलाओ के पास ही मौजूद रही बच्ची पीछे की ओर आने के कारण बच गयी।


इस घटना के समय पास ही खड़े गाँव के कुछ युवक चीखपुकार सुनकर मौके पर पहुंचे और मिटटी हटाना शुरू कर दिया। ग्रामीणो ने बिना देर किये मिटटी हटाई और तीनो महिलाओ को बाहर निकाल लिया। तीनो महिलाओ को तत्काल एम्बुलेंस द्वारा सीएचसी बिलारी ले जाया गया।अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मालदेही और सुनीता को मृत घोषित कर दिया। वहीं रामवती की हालत बेहद नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मुरादाबाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया हैं।


इस हृदयविदारक हादसे ने दो हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ दिया है। मृतका मालदेही अपने पीछे दो बच्चे— यश कुमार मौर्य और सुमन को छोड़ गई है। वहीं, सुनीता की मौत के बाद उसकी दो मासूम बेटियां 9 वर्षीय पूजा और 4 वर्षीय माधुरी अनाथ हो गई हैं। बताया जा रहा है कि तीनों ही परिवार बेहद गरीब हैं और मजदूरी करके किसी तरह अपना जीवन यापन कर रहे थे। मां की मौत की खबर सुनते ही मासूम बच्चों का रोना देख मौके पर मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।


हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। उपजिलाधिकारी बिलारी,  तहसीलदार, एसपी देहात और क्षेत्राधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत समथल गांव पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

free counter
अभी तक पाठक संख्या