आज रविवार की शाम अफजगढ़ थाना क्षेत्र मे हुए सड़क हादसे मे बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने घायल को उपचार हेतु सीएचसी पहुंचाया। जहाँ चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर परिजनो को सूचित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रभाकर सिंह आयु 27 वर्ष पुत्र मल्लू सिंह, निवासी ग्राम भरतपुर, थाना क्षेत्र कुंडा, जिला उधम सिंह नगर, उत्तराखंड आज रविवार को किसी काम से अफजलगढ़ आया था। काम निपटाने के बाद वह अपनी पल्सर बाइक रजिस्ट्रेशन नंबर यूके18ए6818 से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान शाम करीब 5 बजे मानियावाला स्थित बनैली नदी के पुल पर बने तीव्र मोड़ पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर हवा मे लहराते हुए सड़क किनारे करीब 20 फिट गहरी खाई मे जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरो की भारी भीड़ जुट गयी। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पीआरवी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहगीरों की मदद से गंभीर रूप से घायल हुए प्रभाकर को खाई से बाहर निकाला और 108 एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अफजलगढ़ भिजवाया। जहाँ उपचार के दौरान प्रभाकर ने दम तोड़ दिया।
स्थानीय चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनवीर सिंह ने बताया कि मृतक के पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी शिनाख्त की गई और तत्काल उधमसिंहनगर में उनके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर लिया है। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा जाएगा और आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
आज रविवार की शाम हुए इस हादसे ने राष्ट्रीय राजमार्ग अथॉरिटी और सड़क निर्माण करने वाली कार्यदाई संस्था पीएनसी कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तीव्र मोड़ पर हर साल 20 से 25 छोटे-बड़े हादसे होते हैं। इतने खतरनाक और तीव्र मोड़ पर न तो एनएचएआई और न ही पीएनसी कंपनी ने कोई स्पष्ट रिफ्लेक्टर या सांकेतिक बोर्ड लगाया है। रात के अंधेरे, सुबह की झपकी या तेज रफ्तार के दौरान वाहन चालकों को अचानक इस मोड़ का अंदाजा नहीं हो पाता। जब तक वे ब्रेक लगाते हैं, तब तक नियंत्रण खो चुका होता है और वाहन सीधे 20 फीट नीचे खेतों में जाकर गिरते हैं।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

